अंगूठा छाप नहीं बनेंगे प्रधान जिला सैन सभा हिसार का ऐतिहासिक व बड़ा फैसला
कार्यकारिणी के सभी पदों के लिए 10वीं पास अनिवार्यं
नरवाना /11 मई /नरेन्द्र जेठी
बदलते दौर में शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी ताकत मानते हुए जिला सैन सभा हिसार की नवनियुक्त कार्यकारिणी ने एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी फैसला लिया है।
अब जिला सैन सभा हिसार में प्रधान, महासचिव सहित सभी प्रमुख पदों पर वही व्यक्ति चुनाव लड़ सकेगा, जिसने कम से कम 10वीं कक्षा पास की हो। रविवार देर शाम आयोजित बैठक में प्रधान राममेहर हरिकोट एवं महासचिव नरेश सेलपाड की संयुक्त अध्यक्षता में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में संगठन को आधुनिक, पारदर्शी और अनुशासित बनाने को लेकर कई अन्य अहम प्रस्तावों पर भी सहमति बनी।
यह जानकारी देते हुए जिला सैन सभा के संरक्षक डॉ. राजकुमार दिनोदिया ने बताया कि यह निर्णय हरियाणा सरकार द्वारा पंचायती राज चुनावों में लागू शैक्षणिक योग्यता की तर्ज पर लिया गया है। उनका कहना था कि वर्तमान डिजिटल युग में समाज के नेतृत्वकर्ताओं का शिक्षित होना बेहद आवश्यक है, ताकि वे बजट प्रबंधन, सरकारी योजनाओं, डिजिटल कार्यप्रणाली और समाज के विकास कार्यों को बेहतर तरीके से समझ और संचालित कर सकें।
नई व्यवस्था के अनुसार प्रधान, उप-प्रधान, महासचिव, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष तथा अन्य प्रमुख पदों के लिए 10वीं पास होना अनिवार्य रहेगा। हालांकि सलाहकार और अन्य शोभित पदों पर कम पढ़े-लिखे लोगों को भी जिम्मेदारी दी जा सकेगी। वहीं समाज के सदस्य या वोटर बनने के लिए किसी प्रकार की शैक्षणिक योग्यता अनिवार्य नहीं होगी।
गौरतलब है कि अब तक संगठन में ऐसे लोग भी चुनाव लड़ लेते थे, जो केवल हस्ताक्षर करने योग्य ही थे, क्योंकि किसी प्रकार की न्यूनतम शिक्षा निर्धारित नहीं थी। लेकिन अब इस फैसले के बाद समाज में शिक्षित और जागरूक नेतृत्व को प्राथमिकता मिलेगी। इससे युवाओं में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश जाएगा और समाज की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी बन सकेगी।
बैठक में अनुशासन को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया गया। कार्यकारिणी ने स्पष्ट किया कि भविष्य में समाज की बैठकों में अनुशासनहीनता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा समाज की आर्थिक और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए भी कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेन्द्र दिनोदिया के अनुसार शिक्षा अनिवार्यता मामले को आम सभा में भी रखा जाएगा।
ये भी लिए गए महत्वपूर्ण फैसले जिला सैन सभा के महासचिव नरेश सेलपाड के अनुसार रविवार देर शाम हुए फैसलों में जिला सैन सभा की सदस्यता दोबारा खोलना, पुराने सदस्यों से 100 रुपये वार्षिक नवीनीकरण शुल्क लेने के पुराने निर्णय को लागू करने, नए नियमानुसार पुराने सदस्यों के लिए कागजातों को सत्यापित करने, धर्मशाला में पांच किलोवाट का सोलर सिस्टम लगवाना, 25 नई कुर्सियां खरीदना, आधुनिक लाइब्रेरी बनवाना, समाज के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करना तथा आगन्तुक कक्ष में एसी लगवाना शामिल हैं।
इसके साथ-साथ कार्यालय के नवीनीकरण, धर्मशाला में सफाई कर्मचारी नियुक्त करने और लंबे समय से समाज का पैसा जमा न करवाने वालों को नोटिस जारी करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में यह भी तय किया गया कि लंबे समय से रसीद बिल बुक जमा न करवाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि संगठन में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।
बैठक में ये रहे मौजूद जिला सैन सभा की बैठक में नई कार्यकारिणी के अलावा संरक्षक डॉ. राजकुमार दिनोदिया, पूर्व अध्यक्ष आन्नद स्वरुप, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेन्द्र दिनोदिया, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र सरसाना, सह-सचिव भीम खांडाखेड़ी, कृष्ण तंवर खरबला, पूर्व कोषाध्यक्ष बलजीत नरडिया, जितेन्द्र सैन, कृष्ण कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।


