महिला विधायक से फरियाद के बाद , हताश रेप पीड़िता ने मांगी आत्महत्या की अनुमति
गैंग रेप पीड़िता ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसडीएम को सोपा ज्ञापन
गैंग रेप पीड़िता की न्याय की गुहार के समर्थन में उमड़ पड़ा जन सैलाब
प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर और फ्लेक्स लिए प्रदर्शन करते पहुंचे एसडीम ऑफिस
गैंग रेप पीड़िता की न्याय की गुहार नक्कर खाने में तूती बनकर रह गई
आरोपियों की जल्द हो गिरफ्तारी नहीं तो पटौदी बंद और रोड जाम करने की चेतावनी
फतह सिंह उजाला
पटौदी । कहा गया है कि महिला की पीड़ा अथवा दर्द को या तकलीफ को महिला से बेहतर कोई नहीं जान सकता। इसी उम्मीद के साथ गैंगरेप पीड़िता के द्वारा न्याय और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पटौदी की भाजपा महिला विधायक बिमला चौधरी के पास फरियाद की गई । इसके बाद हताश गैंगरेप पीड़िता के द्वारा पटौदी के एसडीएम के नाम सौंपे गए ज्ञापन में न्याय देने या फिर आत्महत्या की अनुमति मांगी गई है । गैंग रेप पीड़िता के समर्थन में पटौदी जाटोली मंडी परिषद के चुने हुए जनप्रतिनिधि, पूर्व जनप्रतिनिधि, महिलाएं और बड़ी संख्या में क्षेत्र के नागरिक भी पटौदी एसडीएम कार्यालय परिसर में पहुंचे। प्रशासनिक कार्यों में व्यस्त होने की वजह से पटौदी के एसडीएम के स्थान पर उनके कार्यालय के अधिकारी के द्वारा ही ज्ञापन स्वीकार किया गया।
विवाह के बाद पति अथवा ससुराल से अनबन के चलते पीड़िता अपने मायके पटौदी में ही आकर रहने लगी। पीड़िता का विवाह लगभग 8 वर्ष पहले फरीदाबाद निवासी के साथ हुआ था । पीड़िता के आरोप अनुसार ससुराल अथवा पति से समझौता करने के नाम पर उसको विश्वास में लेकर पटौदी के ही पूर्व पार्षद जाहिद कुरैशी तथा उसके सहयोगी सोनू के द्वारा गैंग रेप किया गया। इसकी शिकायत की जाने पर जान से मारने की धमकी तक दी गई। पीड़िता के द्वारा आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाएं हुए लगभग सवा महीना बीत जाने पर भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती देख सोमवार को क्षेत्र के लोगों का गुस्सा फट गया। बलात्कारी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रेवाड़ी रोड से होते हुए पटौदी लघु सचिवालय कैंपस में विरोध प्रदर्शन करते हुए पहुंचे।
पीड़िता और उसके न्याय की मांग के समर्थन सहित आरोपियों की गिरफ्तारी के मुद्दे को लेकर पहुंचे पटौदी जाटोली मंडी परिषद के वाइस चेयरमैन अमित शर्मा , पार्षद राकेश बबल प्रजापत, पार्षद मुनफेद अली, पार्षद मोहित, पार्षद इकरार, नगर पालिका पटौदी के पूर्व पार्षद सुनील गर्ग, पूर्व पार्षद हंसराज सपड़ा, कांता प्रसाद बोक, नरेंद्र गौड, समाजसेवी सुधीर यादव सहित महिलाएं और बड़ी संख्या में पटौदी सहित आसपास के इलाके के लोग शामिल रहे । पीड़िता ने आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपियों और पुलिस प्रशासन की मिली भगत की वजह से आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। आरोपी पिछले लगभग सवा महीने से आजाद घूम कर अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे को वापस लेने के लिए धमकियों और दे रहे हैं । आरोपी को प्रभावशाली लोगों का संरक्षण प्राप्त है । पीड़िता के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर क्षेत्र की विधायक तक वह फरियाद लग चुकी है । लेकिन कहीं से न्याय की किसी प्रकार की उम्मीद दिखाई नहीं दी। इसके बाद केवल और केवल आत्महत्या का ही विकल्प दिखाई दे रहा है।
पटौदी बंद तथा रोड जाम करने की दी चेतावनी
गैंग रेप पीड़िता के न्याय के समर्थन में पहुंचे प्रदर्शन में शामिल गणमान्य व्यक्तियों के द्वारा प्रशासन और सिस्टम को चेतावनी दी गई है कि आरोपियों की जल्दी गिरफ्तारी नहीं की गई तो पटौदी बंद और रोड जाम कर दिया जाएगा। मौजूदा सरकार के द्वारा महिलाओं के मान सम्मान सहित बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं । लेकिन जब एक महिला के साथ ही उसकी इज्जत के साथ खिलवाड़ किया जाने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो रही ? तो सवाल उठना स्वाभाविक बात है । बलात्कार जैसे संवेदनशील मामले में बिना समय गवाएं आरोपियों की गिरफ्तारी किया जाना चाहिए।

रेप के आरोपियों की प्रॉपर्टी पर चले बुलडोजर
पटौदी के लघु सचिवालय में एसडीएम के नाम ज्ञापन देने के लिए पहुंचे जनप्रतिनिधियों के द्वारा बलात्कार जैसे संवेदनशील मामले को किसी भी पीड़िता के लिए एक नासूर जैसा बताया गया। इतना ही नहीं अपनी ही सरकार और सिस्टम सहित प्रशासन को भी रेप जैसे मामले में संवेदनहीन ठहराते हुए कठोर शब्दों में निंदा भी की गई । प्रदर्शन करने वालों में शामिल जनप्रतिनिधियों के द्वारा साफ-साफ कहा गया कि जिस प्रकार से यूपी में योगी का बुलडोजर चल रहा है। ठीक उसी प्रकार से यहां भी गैंगरेप के आरोपियों की प्रॉपर्टी की पहचान कर उस पर बुलडोजर चलाया जाना चाहिए। जिससे कि सरकार और पुलिस प्रशासन पर आम जनता का भरोसा तथा विश्वास मजबूती से बना रहे।
Add A Comment


