खेतों में जहर पीने पहुंचे तीन युवक, वायरल वीडियो से बची जान; किशोरी लापता मामले के दबाव का आरोप
कैथल/ 17 मई /अटल हिन्द ब्यूरो
हरियाणा के कैथल जिले में रविवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां तीन युवकों ने कथित मानसिक तनाव और बदनामी से परेशान होकर खेतों में कीटनाशक पी लिया। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने तीनों की जान बचा ली। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए युवकों की लोकेशन ट्रेस की और समय रहते उन्हें अस्पताल पहुंचा दिया।
घटना पूंडरी थाना क्षेत्र के चुहड़माजरा गांव की है। बताया जा रहा है कि रविवार शाम करीब चार बजे मूंदड़ी गांव निवासी रोहित, मोहित और पिलनी निवासी गौरव खेतों में पहुंचे और वहां कथित रूप से जहरीली कीटनाशक दवा पी ली। जहर खाने से पहले तीनों युवकों ने मोबाइल फोन से एक वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर भेजा।
वीडियो में तीनों युवक बेहद भावुक दिखाई दे रहे हैं। एक युवक कहता सुनाई देता है कि वे जहर खाने जा रहे हैं। वहीं दूसरे युवक ने कुछ लोगों के नाम लेते हुए कहा कि अगर उनकी मौत होती है तो इसके लिए वे जिम्मेदार होंगे। तीसरे युवक ने कहा कि एक लड़की के मामले में उनकी लगातार बदनामी की जा रही है और उनकी इज्जत पर सवाल उठाए जा रहे हैं, जिसे वे बर्दाश्त नहीं कर पा रहे।
बताया जा रहा है कि पूरा मामला सदर थाना क्षेत्र की एक किशोरी के चार दिन पहले लापता होने से जुड़ा हुआ है। जानकारी के अनुसार किशोरी एक युवक के साथ गई थी, जो इन तीनों युवकों का दोस्त बताया जा रहा है। इसी शक के आधार पर लड़की के परिजन और रिश्तेदार लगातार इन युवकों से पूछताछ कर रहे थे। युवकों का आरोप है कि उन्हें ऐसे निशाने पर लिया जा रहा था जैसे इस पूरे मामले में उनकी सीधी भूमिका हो।
घटना के बाद वायरल वीडियो तेजी से पुलिस तक पहुंचा। पूंडरी थाना पुलिस ने तुरंत युवकों की लोकेशन ट्रेस की, जो चुहड़माजरा गांव के खेतों में मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों को गंभीर हालत में कैथल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
पूंडरी थाना प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देर किए कार्रवाई शुरू कर दी थी। डॉक्टरों के मुताबिक युवकों द्वारा पी गई कीटनाशक दवा अत्यधिक जहरीली नहीं थी, जिसके कारण समय रहते उपचार मिलने से उनकी जान बच गई। फिलहाल तीनों युवकों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और वे चिकित्सकों की निगरानी में हैं।
पुलिस का कहना है कि युवकों के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। वायरल वीडियो, परिजनों के आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस अब भी लापता किशोरी और उसके साथ गए युवक की तलाश में जुटी हुई है।


