पानीपत के गांव खोतपुरा में मामूली रंजिश के चलते भतीजे ने पत्थर की ओखली से सिर कुचलकर अपने ही चाचा सुशील कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी। परिजनों का आरोप है कि समय रहते पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद।
पानीपत | 01 जुलाई 2026 | अटल हिन्द ब्यूरो
हरियाणा के पानीपत जिले में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। थाना सेक्टर 13-17 के अंतर्गत आने वाले गांव खोतपुरा (डेरा मन्चुरी) में मामूली रंजिश के चलते एक भतीजे ने अपने ही सगे चाचा की पत्थर की भारी ओखली से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। दिल दहला देने वाली यह पूरी वारदात गली में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है, वहीं वारदात के बाद से ही आरोपी फरार है।
घात लगाकर रास्ते में घेरा, फिर किया जानलेवा हमला
थाना सेक्टर 13-17 पुलिस को दी गई शिकायत में मृतक सुशील कुमार की पत्नी कविता ने बताया कि मंगलवार (30 जून) की रात करीब 8 बजे उनके पति अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह गली में भानीराम के मकान के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बैठे उनके भतीजे अभिषेक उर्फ बंदर ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपी ने पहले सुशील कुमार के साथ लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे वह असंतुलित होकर गली में गिर पड़े। इसके बाद आरोपी ने पास ही रखी बाजरा कूटने वाली पत्थर की भारी ओखली उठाई और जमीन पर गिरे सुशील के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। चोट इतनी गंभीर थी कि सुशील कुमार का चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और अत्यधिक खून बहने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल
इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष है। मृतक के रिश्तेदार सचिन और पड़ोसी हर्ष ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पिछले दो-तीन महीनों से विवाद चल रहा था। इससे पहले भी गांव में दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसकी शिकायत बकायदा डायल-112 और स्थानीय पुलिस को दी गई थी।
परिजनों का गंभीर आरोप है कि यदि पुलिस ने पुरानी शिकायतों पर समय रहते कोई ठोस या दंडात्मक कार्रवाई की होती, तो शायद आज सुशील कुमार की जान बचाई जा सकती थी। ग्रामीणों के अनुसार, घटना वाले दिन भी शाम को दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची।
पुरानी खुन्नस और बदला लेने की फिराक में था आरोपी
शिकायत के अनुसार, आरोपी अभिषेक पहले की गई पुलिस शिकायत को लेकर अपने चाचा से बुरी तरह खुन्नस खाए हुआ था और बदला लेने की फिराक में था। इसी रंजिश को पालते हुए उसने मंगलवार रात को इस खूनी खेल को अंजाम दे डाला।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छापेमारी जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की बर्बरता साफ नजर आ रही है, जिसे केस की तफ्तीश में मुख्य तकनीकी साक्ष्य बनाया जा रहा है। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी अभिषेक उर्फ बंदर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

