गड्डे मे नहीं दिखाई देती ऊँची टाइल्स, दर्जनभर से अधिक कारों के बंपर टूटे
लल्याणी रोड पर सेलिब्रेशन पैलेस के समीप गहरा गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी
तरावड़ी, 4 जुलाई (रोहित लामसर)।
तरावड़ी शहर के लल्याणी रोड पर सेलिब्रेशन पैलेस के समीप बना गहरा गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। गड्ढे के साथ सड़क का एक हिस्सा कई इंच ऊंचा उठा हुआ है, जिससे रोजाना वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार अब तक 12 से अधिक चारपहिया वाहनों के बंपर इस जगह पर टूट चुके हैं। वहीं दोपहिया वाहन चालक भी आए दिन फिसलकर गिर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि तरावड़ी से लल्याणी की ओर जाते समय गड्ढे में पानी भरा होने के कारण सड़क का ऊंचा उठा हिस्सा दिखाई नहीं देता। ऐसे में वाहन पहले गहरे गड्ढे में धंसता है और फिर ऊंचे हिस्से से टकराकर बंपर क्षतिग्रस्त हो जाता है।
वाहन चालकों विनीत बंसल, अशोक, नितेश मंगल, विशाल शर्मा, अशोक कटारिया, साहिल सलूजा, शुभम ने बताया कि इस स्थान पर हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
कई लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है, जबकि दोपहिया सवारों के घायल होने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि इस खतरनाक गड्ढे की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले लोगों को राहत मिल सके।
Add A Comment

