डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों से प्रेरित होकर भाजपा जनकल्याण मंच ने चलाया प्रदेशव्यापी पौधरोपण अभियान
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ ऑनलाइन बैठक में पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्र निर्माण का लिया संकल्प
नरवाना 4 जुलाई (नरेन्द्र जेठी)
भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं भारत की एकता और अखंडता के महान पुरोधा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की स्मृति एवं उनके राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा जनकल्याण मंच हरियाणा प्रदेश द्वारा 100 युवा-एक संकल्प एवं एक युवा-एक पौधा-एक जिम्मेदारी अभियान के अंतर्गत पूरे हरियाणा में व्यापक स्तर पर पौधरोपण एवं जनजागरण अभियान चलाया गया।
नरवाना में भी कई स्थानों पर भाजपा कल्याण मंच द्वारा पौधारोपण किया गया इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर सैंण्कडों पौधों का पौधरोपण किया गया, जबकि प्रदेशभर के जिला, मंडल एवं नगर स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ऑनलाइन माध्यम से जुडक़र अपने-अपने क्षेत्रों में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, युवा सशक्तिकरण, संगठन विस्तार, सामाजिक सेवा एवं विकसित भारत-2047 के संकल्प को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में चल रहे विकास एवं जनकल्याण कार्यों की सराहना की गई।
साथ ही हरियाणा मंत्रिपरिषद के सभी मंत्रियों द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण, आधारभूत ढांचे एवं जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी प्रशंसा की गई। यहां आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जनकल्याण मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तिलकधारी मुख्य अतिथि तथा प्रदेश महामंत्री अशोक मेहरा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। कार्यक्रम के दौरान लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल करने का संकल्प सभी युवाओं एवं कार्यकर्ताओं ने लिया। साथ ही सभी ने स्वच्छता, जल संरक्षण, नशामुक्त समाज, पर्यावरण संरक्षण तथा विकसित भारत-2047 के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ भी ली।
प्रदेश अध्यक्ष अशोक तिलकधारी ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग, सेवा और समर्पण का प्रेरणास्रोत है। उनके विचार आज भी युवाओं को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
यदि प्रत्येक युवा हर वर्ष एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए तो हरियाणा ही नहीं बल्कि पूरा देश हराभरा और स्वच्छ बन सकता है। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रदेश महामंत्री अशोक मेहरा की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके अथक परिश्रम, कुशल संगठन क्षमता एवं निरंतर सक्रिय प्रयासों के कारण पूरे हरियाणा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता एक मंच पर जुड़े तथा यह प्रदेशव्यापी अभियान सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
उन्होंने कहा कि अशोक मेहरा समाज सेवा, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, युवा जागरण एवं जनहित के विभिन्न अभियानों को लगातार नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। ऑनलाइन बैठक में जुड़े प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के सभी पदाधिकारियों ने भी प्रदेश महामंत्री अशोक मेहरा का विशेष धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रभावी समन्वय और नेतृत्व के कारण यह अभियान पूरे हरियाणा में एक जनआंदोलन के रूप में सफलतापूर्वक संचालित हुआ।
प्रदेश महामंत्री अशोक मेहरा ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं युवा साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा जनकल्याण मंच का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाना है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मंच हरियाणा के प्रत्येक जिले, मंडल, नगर एवं गांव में पौधरोपण, रक्तदान, स्वच्छता, जल संरक्षण, नशामुक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता एवं समाज सेवा के कार्यक्रम और अधिक व्यापक स्तर पर चलाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं युवाओं ने संकल्प लिया कि वे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सदैव अग्रणी भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से हिसार से प्रवीण हिंदू जिला उपाध्यक्ष, भाजपा जनकल्याण मंच, सुमित मित्तल जिला उपाध्यक्ष, सुभाष भाटी जिला मंत्री, दर्शन खुराना कैशियर, जितेंद्र सोनी सह सचिव, अतुल बंगा भाजपा मीडिया सह प्रभारी, भगत सोनी सामाजिक कार्यकर्ता, डॉ. एसके मेनन सहित भाजपा जनकल्याण मंच के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

