राज्य सरकार योजनाओं का अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के सतत् प्रयासरत: प्रभारी मंत्री
— उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री ने कोटड़ा में ग्राम रथ अभियान कार्यक्रम में की शिरकत, आमजन को दी योजनाओं की जानकारी
जयपुर /7 मई/ अटल हिन्द /दिनेश जांगिड़
उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री व जालोर जिला प्रभारी मंत्री श्री के.के. विश्नोई ने गुरूवार को रानीवाड़ा विधानसभा की कोटड़ा ग्राम पंचायत में आयोजित ग्राम रथ अभियान कार्यक्रम में शिरकत कर ग्रामीणों से संवाद किया।
जालोर प्रभारी मंत्री ने केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए आमजन से ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)-2026 में अधिकतम भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं।
सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान ग्राम रथ अभियान के माध्यम से सभी अधिकारी और जनप्रतिनिधि गांव-गांव पहुंचकर आमजन को योजनाओं की समुचित जानकारी उपलब्ध करवा रहे हैं ताकि कोई पात्र नागरिक योजना के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से समाज के अंतिम पायदान पर बैठे पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए ग्राम रथ अभियान का आयोजन किया जा रहा हैं। इस अभियान से गरीब व्यक्ति का सरकार के साथ अच्छा सामंजस्य स्थापित हो सकेगा तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। आमजन को चाहिए कि वे ग्राम रथ से योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार आवेदन कर लाभ लें।
उन्होंने युवाओं, किसानों एवं महिलाओं को विशेष रूप से प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लें। इसी के साथ ग्राम रथ में रखी सुझाव पेटिका में राजस्थान को विकसित प्रदेश बनाने के लिए अपने सुझाव भी दें।
उन्होंने ग्राम-2026 का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आयोजन कृषि क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे इस आयोजन में भाग लेकर आधुनिक तकनीकों, नवाचारों और उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी प्राप्त करें, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।
इस अवसर पर रानीवाड़ा के पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल, अतिरिक्त जिला कलक्टर भीनमाल दौलतराम चैधरी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


