गढ़ी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से यौन उत्पीडऩ का मामला
रिश्ते के दादा पर 16 वर्षीय किशोरी को नशीली गोलियां खिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप
पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज ।
नरवाना 8 मई (नरेन्द्र जेठी)
नरवाना के गढ़ी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से यौन उत्पीडऩ का मामला सामने आया है। रिश्ते के दादा पर 16 वर्षीय किशोरी को नशीली गोलियां खिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप है।
पीडि़ता की शिकायत पर गढ़ी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। टोहाना निवासी पीडि़ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गढ़ी थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाला उसका रिश्ते का दादा कुत्तों की खरीद-फरोख्त का काम करता है।
पीडि़ता अक्सर काम के सिलसिले में उसके साथ आती-जाती थी। कुछ दिन पहले पीड़िता दादा के साथ उसके गांव गई थी। उस समय घर पर कोई और मौजूद नहीं था। पीड़िता के अनुसार, दादा ने उसे कुछ गोलियां खाने के लिए दीं।गोलियां खाने के बाद उसे गहरी नींद आ गई। काफी देर बाद जब उसकी आंख खुली तो उसे शरीर में दर्द महसूस हुआ।
पीडि़ता ने आरोप लगाया कि दादा ने नशीली गोलियां देकर उसका यौन उत्पीडऩ किया।इतना ही नहीं, घटना के बारे में किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। घर लौटने पर पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई।
इसके बाद परिजनों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। जांच अधिकारी सुनीता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ यौन उत्पीडऩ, पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


