पत्रकारिता पैशन से प्रोफेशन और अब बिज़नेस बन गई – डॉ. अमित आर्य
पत्रकारों की 24 घंटे और असुरक्षा वाली जॉब की चुनौतियों उजागरक की
देश और समाज को सही खबर देना ही पत्रकारों का धर्म और नागरिक कर्तव्य
विश्व संवाद केंद्र गुरुग्राम द्वारा देवर्षि नारद जयंती पर पत्रकार सम्मान समारोह
गुरुग्राम /10 मई 2026/फतह सिंह उजाला
विश्व संवाद केंद्र गुरुग्राम, हरियाणा द्वारा रविवार को ब्रह्मांड के आदि संचारक देवर्षि नारद जी की जयंती के उपलक्ष्य में एक भव्य ‘पत्रकार संवाद एवं सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम गुरुग्राम के सेक्टर-14 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स के सेमिनार हॉल में संपन्न हुआ। इस वर्ष के कार्यक्रम का मुख्य विषय “नागरिक कर्तव्य में पत्रकारिता का योगदान” रखा गया था, जिसमें राष्ट्र और समाज के निर्माण में मीडिया की भूमिका पर गहरा मंथन किया गया।
समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में दादा लाखमी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय (सुपवा), रोहतक के कुलपति तथा हरियाणा मुख्य मंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार डॉ. अमित आर्य उपस्थित रहे।
वहीं, हरियाणा गौ-सेवा आयोग के वाइस चेयरमैन पूरन यादव लोहचब ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में हरियाणा स्टेट टैक्सबार एसोसिएशन के प्रेसिडेंट नवीन गुप्ता और प्रसिद्ध उद्योगपति एवं चौथी पीढ़ी के ज्योतिषचार्य पं. आदित्य पारिक उपस्थित रहे।
देवर्षि नारद जी ब्रह्मांड के सबसे बड़े पत्रकार
कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य मनीष द्वारा भारत माता के जयघोष और देवर्षि नारद जी की स्तुति के साथ हुआ। इसके पश्चात् कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रोफेसर राकेश कुमार योगी ने दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज देवर्षि नारद जी की जयंती है, जो ब्रह्मांड के सबसे बड़े पत्रकार थे।
डॉ. अमित आर्य ने पत्रकारिता के वर्तमान हालात और चुनौतियों पर चर्चा करते हुए कहा कि आज पत्रकारिता पैशन से प्रोफेशन और अब बिज़नेस बन गई है, जो लाभ-हानि से चलती है। उन्होंने पत्रकारों की 24 घंटे और असुरक्षा वाली जॉब की चुनौतियों को उजागर किया। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि सोशल मीडिया और यूट्यूब पर फेक न्यूज़ के इस दौर में देश और समाज को सही खबर देना ही पत्रकारों का सबसे बड़ा धर्म और नागरिक कर्तव्य है।
मीडिया कर्मियों के लिए ‘कैशलेस मेडिकल’ सुविधा की मांग
पूरन यादव लोहचब उन्होंने सभी को नारद जयंती की शुभकामनाएं दीं और पत्रकारों से आह्वान किया कि वे इस बात पर विचार करें कि “हम समाज के लिए क्या बेहतर कर सकते हैं और क्या दे सकते हैं। ” अन्य वक्ताओं के मुख्य बिंदु: वक्ताओं ने नागरिक कर्तव्य के साथ-साथ 6 जी के संरक्षण पर ज़ोर दिया।
गांवों से हो रहे पलायन को रोकने और बॉलीवुड में बनाए जा रहे फेक नैरेटिव के खिलाफ आवाज़ उठाने की बात भी कही गई। कार्यक्रम में सिविक सेंस, स्वच्छता अभियान और पर्यावरण पर भी ध्यान आकर्षित किया गया। समारोह के दौरान ए.के. चौहान, अमित नेहरा और अन्य पत्रकारों द्वारा मीडिया कर्मियों के लिए ‘कैशलेस मेडिकल’ सुविधा की मांग भी मंच पर रखी गई, ताकि आपात स्थिति में पत्रकारों को सहायता मिल सके।
वरिष्ठ और युवा पत्रकारों का सम्मान
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विश्व संवाद केंद्र की टीम द्वारा विभिन्न मीडिया संस्थानों के वरिष्ठ और युवा पत्रकारों का सम्मान रहा। सम्मानित होने वालों में आदित्यराज, बागीश कुमार झा, अशोक चौहान, मयंक तिवारी, अमित नेहरा, संजय यादव, प्रदीप नरूला, अभिनव तिवारी, अभिषेक बहल, मनोज धौर, देवेंदर भरद्वाज,
नीरज अमबवता, सलेश गुप्ता, सीमा गिल, दीपक, सीमा गिल, महावीर भारद्वाज, ज्योति दत्ता, ब्रह्म शर्मा, धर्मबीर शर्मा, राजेश यादव, धर्मेंद्र कौशिक, शैलेश गुप्ता, नीरज अहलावत, पूनम शेखर, रेखा, अजय वैष्णव सहित प्रवीण कुमार और साहिल जैसे फोटो जर्नलिस्ट शामिल थे। अंत में कार्यक्रम के संयोजक व वरिष्ठ पत्रकार संजीव आहूजा द्वारा सभी गणमान्य अतिथियों, आयोजकों और पत्रकारों का धन्यवाद प्रस्ताव ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम का विधिवत समापन ‘कल्याण मंत्र’ के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ, जिसके उपरांत सभी उपस्थित लोगों ने सहभोज ग्रहण किया।
Add A Comment


