हरियाणा निकाय चुनाव में 54.7% मतदान, सोनीपत में फर्जी वोटिंग का आरोप, रेवाड़ी में महिला ने किया हंगामा
चंडीगढ़/10 मई /अटल हिन्द ब्यूरो
हरियाणा के पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम सहित विभिन्न निकायों में रविवार को मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। सुबह 8 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक जारी रही। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। महिला, पुरुष और बुजुर्ग मतदाता उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे। चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आए। संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी।
रात 9 बजे तक वोटिंग % –
निकाय वोटिंग%
पंचकूला नगर निगम 53.4%
चुनाव आयोग के अनुसार रात 9 बजे तक सभी निकायों में कुल 54.7 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सांपला नगर पालिका में सबसे अधिक 79.2 प्रतिशत वोटिंग हुई, जबकि सोनीपत नगर निगम में सबसे कम 48.1 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया। पंचकूला नगर निगम में 53.4 प्रतिशत, अंबाला नगर निगम में 54.4 प्रतिशत, धारूहेड़ा नगर पालिका में 66.1 प्रतिशत, उकलाना नगर पालिका में 75.7 प्रतिशत तथा रेवाड़ी नगर परिषद में 64.8 प्रतिशत मतदान हुआ।
पंचकूला नगर निगम चुनाव में मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा। सुबह 11 बजे तक यहां केवल 10.7 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। दोपहर बाद मतदान में थोड़ी तेजी आई और ढाई बजे तक यह आंकड़ा 34.1 प्रतिशत तक पहुंचा। शाम चार बजे तक 42 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ, जबकि मतदान समाप्ति से आधा घंटा पहले तक यह आंकड़ा 48.4 प्रतिशत ही था। अंततः शाम 6 बजे तक कुल 52 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पंचकूला में कुल 2,07,444 मतदाता थे, जिनमें से लगभग 1,07,949 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कांग्रेस नेताओं ने कम मतदान को सरकार के प्रति जनता की नाराजगी से जोड़कर देखा।
मतदान केंद्रों पर पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते रहे और मतदाताओं की वोटर स्लिप की जांच की गई। सुरक्षा कारणों से लोगों को मोबाइल फोन मतदान केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। हालांकि कई मतदान केंद्रों पर व्हील चेयर की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से बुजुर्ग मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर केवल एक व्हील चेयर उपलब्ध होने के कारण वरिष्ठ नागरिकों को धीरे-धीरे चलकर मतदान केंद्र तक पहुंचना पड़ा।
निकाय चुनाव में आम मतदाताओं के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के मेयर और पार्षद पद के उम्मीदवारों ने भी मतदान किया। पंचकूला में भाजपा के मेयर प्रत्याशी श्याम लाल बंसल और कांग्रेस उम्मीदवार सुधा भारद्वाज ने अपने परिवार के साथ मतदान किया। कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन भी पत्नी और बेटे-बहू के साथ वोट डालने पहुंचे। आम आदमी पार्टी और इनेलो के उम्मीदवारों ने भी मतदान कर अपनी जीत का दावा किया।
पूर्व सेना प्रमुख Ved Prakash Malik भी अपनी पत्नी के साथ मतदान केंद्र पहुंचे और मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि चुने जाने वाले जनप्रतिनिधियों को जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से करना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए मेयर और पार्षद शहर के विकास के लिए गंभीरता से कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि आज वोट करने का मकसद यह है कि शहर का विकास जरूर होना चाहिए. उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे चंडीगढ़ काफी अच्छा बनता जा रहा है. लेकिन पंचकूला थोड़ा पीछे रह गया है. उन्होंने कहा कि जब तक पदाधिकारी शहर के लिए कोई काम न करें, तब तक कोई पद ग्रहण करने का फायदा नहीं है. इस दौरान उन्होंने पार्षदों से काफी उम्मीद होने की बात कही.
नूंह के बसई मेव पंचायत उपचुनाव में लतीफ को मिली 675 वोटों से जीत, दूसरे नंबर पर रहे आस मोहम्मद
नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका उपमंडल अंतर्गत ग्राम पंचायत बसई गांव में हुए पंचायत उपचुनाव में लतीफ ने शानदार जीत दर्ज करते हुए सरपंच पद पर कब्जा कर लिया है. रविवार को शांतिपूर्ण माहौल और कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुए चुनाव के बाद देर शाम मतगणना संपन्न हुई, जिसमें लतीफ को कुल 1277 वोट प्राप्त हुए. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आस मोहम्मद को 675 वोटों से हराया. आस मोहम्मद को 602 मत मिले. वहीं तीसरे स्थान पर जुनैद रहे, जिन्हें 413 वोट मिले, जबकि निजामुद्दीन को 322 वोट प्राप्त हुए.
गौरतलब है कि वर्ष 2022 में हुए पंचायत चुनाव में बसई मेव हनीफ उर्फ हन्ना सरपंच पद पर निर्वाचित हुए थे,लेकिन बाद में अरावली पहाड़ प्रकरण में नाम सामने आने के बाद प्रशासन द्वारा उन्हें बर्खास्त कर दिया गया था. इसके बाद यह पद रिक्त चल रहा था जिसके चलते अब दोबारा चुनाव कराया गया है. चुनाव परिणाम घोषित होते ही लतीफ समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई. समर्थकों ने मिठाई और लड्डू बांटकर जीत का जश्न मनाया तथा एक-दूसरे को बधाई दी. अब लतीफ ग्राम पंचायत बसई के नए सरपंच निर्वाचित हो गए हैं.


