प्रेमिका को जहर देकर बैग में डाला शवहिमाचल प्रदेश में पेट्रोल डालकर जला दी लाश
अंबाला के बराड़ा में प्रेम प्रसंग के चलते युवती की हत्या कर शव जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया, आरोपी गिरफ्तार।
अम्बाला/14 मई /अटल हिन्द / पूर्ण सिंह
बराड़ा में सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें प्रेम प्रसंग के चलते एक विवाहित युवक ने अपनी अविवाहित प्रेमिका की जहर देकर हत्या कर दी और उसके शव को बैग में डालकर हिमाचल प्रदेश ले गया, जहां पेट्रोल डालकर लाश को आग लगा दी। लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंच अधजली लाश बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश करने पर चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
दरअसल बराड़ा गांव निवासी 31 वर्षीय युवती अमनदीप कौर मंगलवार 12 अप्रैल को सुबह घर से निकली थी। कुछ देर बाद उसका फोन बंद हो गया। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद परिजनों ने बराड़ा पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दी।
पुलिस ने अमनदीप कौर के मामा अम्बाला शहर के नग्गल निवासी जसपाल सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज उसकी तलाश शुरू कर दी। लेकिन इसके बाद परिजनों ने संदेह के आधार पर सीसीटीवी फुटेज खंंगाले तो पता चला कि अमनदीप कौर बराड़ा रेलवे स्टेशन के समीप दुकानों के ऊपर बने कमरे में गई है।
उस कमरे में जनकपुरी निवासी संदीप कुमार उर्फ अप्पू था। काफी समय बाद संदीप कुमार नीचे आया और रेहड़ी वाले को बुलाकर लाया। इसके बाद रेहड़ी चालक और संदीप कुमार एक बड़ा बैग ऊपर से लेकर आए और उसे रेहड़ी में लादा। परिजनों ने संदेह जताया कि संदीप कुमार ने अमनदीप की हत्या कर दी है और लाश को बैग में ले जाकर ठिकाने लगाया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रेहड़ी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो रेहड़ी चालक ने बताया कि उस बैग को वह रेहड़ी में लादकर जनकपुरी विश्वर्मा मंदिर के पास ले गए, जहां से संदीप ने उस बैग को अपनी कार में लादा।
डीएसपी सुरेश कौशिक ने बताया कि इस संबंध में बराड़ा थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह, चौकी प्रभारी हाकम सिंह व अन्य पुलिसकर्मियों की टीम गठित कर आरोपी युवक को टे्रस किया गया। उसकी कार को टे्रस करते हुए हिमाचल के सिरमौर जिले के पौंटा साहिब में लोकेशन पता चली। जिस पर पुलिस ने आरोपी संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने लाश को वहां के जंगल में पेट्रोल डालकर जला दिया। पुलिस ने अधजली लाश को कब्जे में लेकर नाहन के अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने बृहस्पतिवार देर शाम उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं पुलिस ने संदीप कुमार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
पहले जहर देकर मार डाला फिर बैग में डाली लाश
डीएसपी ने बताया कि संदीप कुमार और अमनदीप कौर करीब पांच साल से संबंध में थे। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि युवती संदीप कुमार को शादी के लिए दबाव बना रही थी, लेकिनन युवक पहले से शादीशुदा है।
यह जहर दोनों ने खाना था, लेकिन युवती की जहर के कारण मौत हो गई जबकि युवक ने उसकी लाश को ठिकाने लगाने का मन बनाया। जिसके बाद उसने लाश को बैग में डालकर हिमाचल में ले जाकर आग लगा दी। लेकिन, यदि युवक ने उसके साथ जहर खाना था तो वह इतना बड़ा बैग पहले से ही क्यों खरीदकर लाया था। फिलहाल यह जांच का विषय है।
टयूशन से चलाती थी घर, पिता की हो चुकी मौत
मनदीप के पिता इन्द्रपाल सिंह की पिछले वर्ष मौत हो चुकी है, जबकि उसकी मां को कैंसर है और उसका इलाज चल रहा है। अमनदीप की छोटी बहन भी शुगर की बीमारी से पीडि़त है। ऐसे में अमनदीप अपने घर में बच्चों को टयूशन पढ़ाकर घर का गुजारा चला रही थी और अपनी मां-बहन का इलाज करवा रही थी।
बीते कल भी वह लैब से अपनी मां के टेस्ट की रिपोर्ट लेने गई थी। वहीं, परिजनों ने बताया कि अमनदीप ने शाम को अपनी मां के साथ वैष्णोदेवी के लिए जाना था और ट्रेन का टिकट भी करवा लिया था।
फोटो कैप्शन… आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जानकारी देते डीएसपी सुरेश कौशिक


