बाबा नटराज गिरी को श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों को लगा हुआ है तांता
धार्मिक संस्थाओं और साधु संत मंदिर में पहुंचकर कर कर रहे शोक व्यक्त
बाबैन | 22 जून | अटल हिन्द | सुरेश अरोड़ा
बाबैन स्थित प्राचीन एवं प्रसिद्ध ऊप ज्योतिर्लिंग नागेश्वर महादेव मंदिर में हाल ही में हुए दुखद हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर बनी हुई है। मंदिर परिसर में स्थित लगभग 108 फुट ऊंचा विशाल गुंबद अचानक गिर जाने से मंदिर के सेवादार एवं समर्पित साधु बाबा नटराज गिरी मलबे के नीचे दब गए थे, जिनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत मंदिर परिसर में ही उनकी समाधि स्थापित की गई है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद बाबैन सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु लगातार मंदिर पहुंचकर दिवंगत बाबा नटराज गिरी को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। वहीं विभिन्न धार्मिक संस्थाओं और अखाड़ों से जुड़े साधु-संत भी मंदिर में पहुंचकर शोक व्यक्त कर रहे हैं तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
मंदिर के संरक्षक महंत त्रिकाल गिरी जी महाराज ने बताया कि बाबा नटराज गिरी ने वर्षों तक मंदिर की सेवा करते हुए धर्म और समाज के प्रति समर्पण का परिचय दिया। उनकी असामयिक मृत्यु से न केवल मंदिर परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि इस दुःखद घटना से क्षेत्र के लोगों में गहरा शोक है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित कर रहे हैं।
महंत त्रिकाल गिरी जी महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि 23 जून को साधु-संतों का एक विशेष जत्था बाबैन पहुंचेगा, जो बाबा नटराज गिरी के समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देगा। इस अवसर पर बाबा नटराज गिरी के आध्यात्मिक जीवन, सेवा भाव और मंदिर के प्रति उनके योगदान को याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बाबा नटराज गिरी का जीवन सादगी, सेवा और अध्यात्म का प्रतीक था। उनकी स्मृतियां सदैव श्रद्धालुओं और मंदिर परिवार के हृदय में जीवित रहेंगी। इस मौके पर बाबैन के सरपंच संजीव सिंगला गोल्डी, बाबा आनंद गिरी, डॉ महिंदर शर्मा, डॉ फकीर चंद शर्मा, डॉ पवन शर्मा, पंडित राम शरण, गोपाल शर्मा, अनिल शर्मा, जितेंद्र शर्मा, शिवशरण शर्मा, मोहित शर्मा, माम चंद पांचाल, वीरभान शर्मा, सुखजोत कपूर, सुरेन्द्र शर्मा, अमन, पंकज सहित अनेक गण्यमान्य लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया।
Add A Comment


