₹35 हजार लेते सब इंस्पेक्टर काबू एंटी करप्शन ब्यूरो जींद टीम ने रंगे हाथों किया गिरफ्तार
टोहाना | 22 जून | अटल हिन्द | योगेश खनेजा
टोहाना सदर थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) जींद की टीम ने 35 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, गांव नांगला निवासी राहुल ने ACB को शिकायत दी थी कि एसआई महेंद्र सिंह एक मामले में मदद करने के बदले 72 हजार रुपए की मांग कर रहा था। बाद में पहली किश्त के रूप में 35 हजार रुपए देने पर सहमति बनी। शिकायत मिलने के बाद ACB इंस्पेक्टर विजेंद्र के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और ट्रैप की योजना बनाई गई।

योजना के तहत शिकायतकर्ता को 500-500 रुपए के 70 नोट दिए गए, जिन पर केमिकल लगाया गया था। निर्धारित योजना के अनुसार, राहुल ने ये रकम टोहाना सदर थाना में एसआई महेंद्र सिंह को सौंप दी। जैसे ही इशारा मिला, ACB टीम ने तुरंत दबिश देकर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद जब आरोपी के हाथ धुलवाए गए तो पानी लाल हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई। टीम ने उसके कब्जे से पूरे 35 हजार रुपए बरामद कर लिए।
ACB अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि क्या उसके खिलाफ पहले भी कोई शिकायतें या मामले दर्ज रहे हैं। आगे की कानूनी कार्रवाई प्रचलित है।
इधर, बस स्टैंड टोहाना के पूर्व फ्लाइंग इंचार्ज रमेश ने बताया कि कुछ समय पहले फर्जी पास के एक मामले की शिकायत पुलिस को भेजी गई थी, जिसकी जांच एसआई महेंद्र सिंह के पास आई थी। आरोप है कि इसी मामले में कार्रवाई रोकने के एवज में रिश्वत की मांग की गई थी, जिसके बाद शिकायतकर्ता ने ACB में शिकायत दर्ज करवाई और कार्रवाई हुई।


