भिवानी में कांग्रेस की पत्रकार वार्ता, सरकार के खिलाफ बोला हल्ला
सत्ता के मजे में अंधी भाजपा सरकार, जनता बेहाल : भिवानी में गरजे कांग्रेस के दोनों जिलाध्यक्ष
रिश्वतकांड से लेकर खाद की किल्लत तक, भिवानी कांग्रेस का सरकार पर चौतरफा और तीखा वार
बिना पर्ची-बिना खर्ची का ढोंग हुआ बेनकाब, भाजपा नेताओं के संरक्षण में चल रहा लूट का खेल : अनिरूद्ध चौधरी
मानसून ने खोली विकास के दावों की पोल, टूटी सडक़ें और बिजली-पानी संकट से त्रस्त भिवानी : प्रदीप गुलिया जोगी
तोशाम/04 जुलाई2026/विष्णु दत्त शास्त्री
जैन चौक स्थित तिलक भवन में शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी और शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने भाजपा सरकार के खिलाफ चौतरफा मोर्चा खोलते हुए तीखे राजनीतिक बाण चलाए।
कांग्रेस नेताओं ने बिना पर्ची-बिना खर्ची के सरकारी दावों की धज्जियां उड़ाते हुए आरोप लगाया कि आज भाजपा के रसूखदार नेताओं के संरक्षण में भ्रष्टाचार का खेल खुलेआम चल रहा है, जबकि आम जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी और शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने तोशाम में विजिलेंस द्वारा 65 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किए गए कानूनगो के मामले को जोर-शोर से उठाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि गिरफ्तार आरोपी कानूनगो स्वयं को भाजपा, पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी और मंत्री श्रुति चौधरी का समर्थक और नेता बताता है।
उन्होंने कहा कि बिना पर्ची-बिना खर्ची का ढोल पीटने वाली भाजपा सरकार का असली चेहरा सामने आ चुका है। इनके अपने ही नेता भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं और आम जनता की खून-पसीने की कमाई को दोनों हाथों से लूट रहे हैं।
नेताओं ने यह भी सनसनीखेज आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार की जड़ें इतनी गहरी हैं कि आरोपी कानूनगो ने पकड़े जाने के डर से उस फोन की रिकॉर्डिंग तक को नष्ट करने की कोशिश की, जिसमें उसकी घूसखोरी की बातें रिकॉर्ड थीं।
उन्होंने सवाल उठाया कि इस पूरे तंत्र के पीछे बैठे बड़े मगरमच्छों पर कार्रवाई कब होगी। उन्होंने मांग की कि भाजपा नेताओं की जांच होनी चाहिए, ताकि नागरिकों को पता लग सकें कि असली व बड़ा भ्रष्टचारी कौन है।
राम मंदिर के मुद्दे पर भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्षों ने कहा कि देश की जनता सुबह उठते ही सबसे पहले प्रभु राम का नाम पूरी आस्था के साथ लेती है, लेकिन भाजपा ने राम नाम को सिर्फ अपनी राजनीति चमकाने और निजी हित साधने का जरिया बना लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर के नाम पर हुए करोड़ों रुपये के चंदे घोटाले के मुख्य आरोपियों को पकडऩे की बजाय सरकार छोटे-मोटे चेहरों पर कार्रवाई कर जनता को गुमराह कर रही है।
जिले में किसानों की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस ने कृषि मंत्री के हालिया बयान की कड़े शब्दों में निंदा की। नेताओं ने कहा कि भिवानी में इस समय डीएपी और यूरिया खाद की भारी किल्लत है, जिससे किसानों में सरकार के प्रति गहरा आक्रोश है।
कृषि मंत्री का कहना है कि खाद सिर्फ उन्हीं को मिलेगी जो मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकृत हैं। कांग्रेस ने तल्ख लहजे में पूछा कि क्या जिन गरीब और दूरदराज के किसानों ने किसी कारणवश पोर्टल पर पंजीकरण नहीं कराया, उन्हें अपनी फसलों के लिए डीएपी और यूरिया की जरूरत नहीं है, यह नीति पूरी तरह किसान विरोधी है।
शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने भिवानी शहर की बदहाली का खाका खींचते हुए कहा कि आज पूरा जिला बिजली, पानी और टूटी सडक़ों की समस्या से जूझ रहा है। मानसून आते ही दावों की पोल खुल चुकी है, चारों तरफ अव्यवस्था का माहौल है।
उन्होंने एचकेआरएन के तहत काम करने वाले गरीब कर्मचारियों को पिछले चार महीनों से वेतन तक नहीं मिला है। हर विभाग का कर्मचारी आज मानसिक और आर्थिक प्रताडऩा झेल रहा है। यह सरकार पूरी तरह से कर्मचारी विरोधी रवैया अपनाए हुए है। जनता और कर्मचारी परेशान हैं, और सत्ता में बैठे लोग जनता की सुध लेने की बजाय सिर्फ सत्ता के मजे लूटने में व्यस्त हैं।
पत्रकार वार्ता के समापन पर दोनों जिला अध्यक्षों ने दो टूक शब्दों में कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा के इस जनविरोधी और भ्रष्टाचारी चेहरे को जनता के बीच बेनकाब करके रहेगी। किसान, मजदूर, कर्मचारी और आम नागरिक के हक के लिए सडक़ से लेकर संसद तक संघर्ष जारी रहेगा।
Add A Comment

