ऊर्जा मंत्री कोटा में हुए ग्राम रथ अभियान में शामिल, ग्रामीणों से किया संवाद
सांगोद(जयपुर) /7 मई/ अटल हिन्द /दिनेश जांगिड़
राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को ग्रामीण अंचल तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित “ग्राम रथ अभियान” के तहत विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में एलईडी ऑडियो-वीडियो मोबाइल वैन के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। अभियान के जरिए मुख्यमंत्री का संदेश भी ग्रामीणों तक पहुंचाया जा रहा है, जिसमें सुशासन, पारदर्शिता एवं अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई है।
ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत ऊर्जा मंत्री श्री हीरालाल नागर ने सांगोद विधानसभा क्षेत्र की बमूरी में आयोजित संध्या चौपाल कार्यक्रम में भाग लेकर ग्रामीणों से संवाद किया।
उन्होंने आमजन की समस्याओं को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों को सुझाव पेटी में अपने सुझाव देने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव है।
अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी ग्रामीणों को राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदान कर रहे हैं तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। उपखंड अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी द्वारा भी ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर मौके पर समाधान किया जा रहा है। बड़ी संख्या में ग्रामीण अभियान से जुड़कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
रास्ता हुआ सुगम, ग्रामीणों को मिली राहत—
इटावा की ग्राम पंचायत तलाव एवं ग्राम पंचायत खेड़ली बेरीसाल में ग्रामीणों ने खेतों तक जाने वाले रास्तों पर अतिक्रमण की समस्या प्रशासन के समक्ष रखी।
इस पर खंड विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत द्वारा संबंधित लोगों से समझाइश कर शांतिपूर्ण तरीके से अतिक्रमण हटवाया गया, जिससे किसानों एवं ग्रामीणों को राहत मिली और आवागमन सुगम हुआ। ग्रामीणों ने राज्य सरकार एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
ग्राम रथ अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े 13 विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। रथों पर उपलब्ध प्रचार सामग्री एवं ऑडियो-वीडियो संदेशों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
अभियान के दौरान स्थानीय भाषा एवं लोक शैली में कलाकारों द्वारा योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। वहीं क्विज एवं संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों में योजनाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जा रही है। संध्या चौपाल एवं रात्रि चौपाल के जरिए जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार ग्रामीणों के बीच पहुंचकर संवाद स्थापित कर रहे हैं।


