अंबाला मेयर चुनाव में बवाल: आजाद प्रत्याशी सोनिया चौधरी के पोस्टर उतारने पर हंगामा
अंबाला नगर निगम चुनाव में मेयर पद की आजाद प्रत्याशी सोनिया चौधरी की प्रचार सामग्री हटाने को लेकर गुरुवार देर रात बड़ा विवाद खड़ा हो गया। मामला कालका चौक स्थित पूजा साड़ी कॉम्प्लेक्स के पास का बताया जा रहा है, जहां कुछ युवक प्रचार में लगी लड़ियां और सामग्री उतारते नजर आए।
युवकों ने खुद को नगर निगम कर्मचारी बताया, लेकिन मौके पर मौजूद आजाद प्रत्याशी के समर्थकों ने उन्हें रोक लिया। समर्थकों का आरोप था कि बिना किसी आधिकारिक आदेश के प्रचार सामग्री हटाई जा रही थी।
इसी दौरान उनसे पहचान पत्र और कार्रवाई से जुड़े आदेश दिखाने की मांग की गई।
समर्थकों का कहना था कि युवकों के पास कोई वैध आईडी कार्ड या लिखित आदेश मौजूद नहीं था। इस बात को लेकर मौके पर तनाव बढ़ गया और समर्थकों ने युवकों को वहीं रोक लिया। घटना के दौरान पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में समर्थक पुलिस अधिकारियों और कथित नगर निगम कर्मचारियों से तीखी बहस करते दिखाई दे रहे हैं। समर्थक लगातार कार्रवाई के आदेश और पहचान पत्र दिखाने की मांग कर रहे हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि जब पुलिस अधिकारियों ने युवकों को छोड़ने की बात कही तो समर्थक भड़क गए। उनका आरोप था कि नगर निगम की टीम लगातार आजाद प्रत्याशी की प्रचार सामग्री को निशाना बना रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी नगर निगम की टीम पर मेयर पद की आजाद प्रत्याशी सोनिया चौधरी के पोस्टर और प्रचार सामग्री हटाने के आरोप लग चुके हैं। अब इस नए विवाद के बाद अंबाला नगर निगम चुनाव में राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है।


