मिशन वात्सल्य योजना की त्रैमासिक बैठक हुई संपन्न
बूंदी /13 मई / अटल हिन्द ब्यूरो
जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव की अध्यक्षता में मिशन वात्सल्य योजना के तहत गठित ज़िला बाल कल्याण एवम संरक्षण समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक बुधवार को आयोजित हुई।
जिला कलक्टर ने कहा कि समाज, जिला, राज्य एवं देश में बाल श्रम एक ज्वलंत मुद्दा है जिसके लिए संबधित विभागों के समन्वय से संबंधित आयोग के मंशानुसार जागरूकता एवं जिले के संभावित बालश्रम की जगहो को चिन्ह्ति कर कार्यवाही करनी चाहिए। राष्ट्र को विकसित बनाने के लिए बच्चें की सही दिशा व दशा महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों की ऊर्जा का प्रयोग सही दिशा में एवं शिक्षा से जोड़कर जिले में बालश्रम, बालविवाह रोकथाम पर सकारात्मक प्रगति लाई जा सकती हैं। बाल संरक्षण मुद्दों को गंभीरता से लिया जाये संबंधित विभागों को बाल संरक्षण को प्राथमिकता देने और बच्चों के विकास के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने निर्देश दिए कि बाल अपराध से जुडे प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए उन पीडित बच्चों को राहत पहुंचाने के लिए सभी संबंधित विभाग प्राथमिकता के साथ कार्य करें। साथ ही पीड़ित बच्चों को मूलभूत सुविधाएं आवश्यक रूप से उपलब्ध कराई जाएं।
संबंधित विभाग बाल सुधार गृह एवं विभिन्न छात्रावासों का नियमित रूप से निरीक्षण करें और प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में छात्राओं को गुड टच व बेड टच के बारे में जानकारी दी जावे। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी शैक्षणिक संस्थाओं में नशा मुक्ति को लेकर व्यापक कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी जावें।
बैठक में सहायक निदेशक बाल अधिकारिता एवं ज़िला बाल संरक्षण इकाई हुकमचंद जाजोरिया ने योजना के तहत संचालित सभी बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, समस्त बाल देखरेख संस्थान एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की कार्यप्रगति व निस्तारित प्रकरण की विस्तारपूर्वक जानकारी दी । साथ ही उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों से संयुक्त रूप से बाल संरक्षण हेतु कार्य किया जाना अपेक्षित है।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अदिति चौधरी, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष सीमा पोद्दार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. ओ पी सामर, शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक धनराज मीणा आदि उपस्थित रहें।


