गजलाना से स्टडी वीजा पर कनाडा गए युवक वीरेन रंगा की दर्दनाक मौत, परिवार में मातम छाया और परिजनों का रो रो कर बुरा हाल
मौत के कारणों का अभी तक कुछ पता नही, कनाडा पुलिस कर रही है मामले की जांच, पोस्टमार्टम के बाद ही होगा मौत के कारणों का खुलासा
बाबैन/20 मई /अटल हिन्द /सुरेश अरोड़ा
बाबैन थाना के गांव गजलाना के एक स्टूडेंट वीरेन रंगा (21) पुत्र राजेन्द्र रंगा की कनाडा में मौत होने का दुखद समाचार है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही वीरेन रंगा के परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो रहा है। परिवार ने सरकार से बेटे की डेडबॉडी मंगवाने की गुहार लगाई है ताकि वे उसका अंतिम संस्कार कर सके।
विरेन रंगा मार्च 2024 में स्टडी वीजा पर कनाडा गया था जहां उसने कनाडा के वैंकूवर से इलेक्ट्रिकल में डिप्लोमा किया था और अब उसका वर्क परमिट आने वाला था। वह कनाडा के सरे शहर में रहता था जहां सुबह उसका शव कमरे से बरामद हुआ लेकिन अभी तक वीरेन की मौत की वजह सामने नहीं आई। विरेन रंगा के पिता राजेन्द्र रंगा ने बताया कि वीरेन हर रोज की तरह रात को अपने कमरे में सोने गया था।
उन्होंने बताया कि जब सुबह काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं आया तो उसके बाद साथ रहने वाले उसके दोस्तों ने उसे उठाने की कोशिश की। जब वीरेन की कोई मूवमेंट नहीं मिली तो उन्होंने देखा की वीरेन की मौत हो चुकी थी। उन्होंने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई लेकिन अभी तक वीरेन की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

कनाडा पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। उन्होंने बताया कि वीरेन बड़े सपने लेकर कनाडा गया था ताकि अपनी पढ़ाई पुरी करके अपने जीवन को नई उंचाईयों पर लेकर जाए। उन्होंने कहा कि वीरेन शांत स्वभाव का लडक़ा था और उसने इलेक्ट्रिकल में डिप्लोमा किया था और अब उसका वर्क परमिट आना था।
वर्क परमिट के लिए किया था अप्लाई
विरेन रंगा के पिता राजेद्र रंगा ने बताया कि वीरेन रंगा ने खरींडवा गांव की आईटीआई से 2 साल का इलेक्ट्रीशियन का कोर्स किया था। उन्होंने बताया कि वह आगे पढऩे के लिए कनाडा के वैंकूवर चला गया जहां वह इलेक्ट्रिकल का डिप्लोमा कंप्लीट कर चुका था।
विरेन ने अब अपना वर्क परमिट अप्लाई किया था। राजेंद्र रंगा ने बताया कि गुरुवार रात को उनकी वीरेन के साथ वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी। उसका बड़ा भाई आदित्य भी वीडियो कॉल पर जुड़ा था। उन्हें ऐसा कुछ नहीं लगा कि वीरेन को कोई परेशानी थी।
बातचीत के बाद वीरेन सोने के लिए अपने कमरे में चला गया था। वीरेन के ताया के बेटे गुरमीत और गौरव भी उसके साथ ही रहते थे। उन्होंने ही रात को वीरेन की मौत सूचना उन्हें दी। हालांकि अभी तक मौत की वजह सामने नहीं आई है। कनाडा पुलिस ने उसका ब्लड सैंपल लिया है और पोस्टमार्टम के लिए आगे की कार्रवाई जारी है ताकि मौत के कारणों का सही पता चल सके।
गांव के सरपंच प्रेम चन्द सैनी ने बताया कि वीरेन की अचानक मौत की खबर से पूरे गांव गजलाना के अलावा इलाके में दुख का माहौल है। उन्होंने बताया कि वीरेन का परिवार परिवार लगातार कनाडा में उसके दोस्तों और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है। ग्राम पंचायत गजलाना और वीरेन के परिजनों ने हरियाणा और भारत सरकार से गुहार लगाई है कि वीरेन के शव को भारत लाने में उनकी मदद की जाए ताकि परिवार वीरेन का अंतिम संस्कार कर सके।
Add A Comment


