हादसे का इंतज़ार क्यों? निरंकारी भवन के पास जलभराव और बदहाल सड़क से वाहन चालक परेशान
प्रशासन की अनदेखी पर लोगों में रोष, हादसे से पहले समाधान की मांग
तरावड़ी/ 5 जुलाई 2026 /रोहित लामसर।
तरावड़ी रेलवे अंडरपास से जीटी रोड की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों लोगों के लिए बड़ी परेशानी और खतरे का कारण बना हुआ है।
सड़क पर बने गहरे गड्ढे, लंबे समय से जमा गंदा पानी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त सड़क के कारण यहां से गुजरने वाला हर व्यक्ति जोखिम उठाने को मजबूर है। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों, साइकिल सवारों, ई-रिक्शा चालकों और पैदल राहगीरों को झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अंडरपास के पास निरंकारी भवन के सामने कई दिनों से पानी भरा हुआ है, जिससे सड़क पर बने गहरे गड्ढे दिखाई नहीं देते। ऐसे में आए दिन बाइक और साइकिल चालक संतुलन खोकर गिर रहे हैं। कई लोग चोटिल हो चुके हैं, लेकिन समस्या का अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
राहगीरों का कहना है कि यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्त रास्तों में से एक है और प्रतिदिन हजारों लोग इसी रास्ते से जीटी रोड की ओर आते-जाते हैं। बावजूद इसके संबंधित विभाग और प्रशासन इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो गए हैं। गंदे पानी के कारण दुर्गंध फैल रही है, वहीं दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि यहाँ जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, गहरे गड्ढों को तुरंत भरा जाए और क्षतिग्रस्त सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी गंभीर हादसे का इंतज़ार कर रहा है, या फिर लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस समस्या का जल्द समाधान करेगा?
Add A Comment

