गुडामालानी में ग्राम रथ अभियान का भव्य स्वागत, उद्योग राज्य मंत्री ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं,
संध्या चौपाल में अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश, योजनाओं से जुड़ने का किया आह्वान
जयपुर / 8 मई / अटल हिन्द ब्यूरो /दिनेश कुमार जांगिड़
ग्राम रथ अभियान के दौरान कला जत्था टीम ने स्थानीय भाषा एवं लोक संस्कृति के माध्यम से आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। लोकगीतों, नृत्य एवं नुक्कड़ नाटकों के जरिए कलाकारों ने ग्रामीणों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिकसुरक्षा, कृषि, पशुपालन, रोजगार एवं महिला सशक्तिकरण जैसी योजनाओं की जानकारी सरल एवं मनोरंजक तरीके से दी गई।
इस दौरान एलईडी वैन के माध्यम से राज्य सरकार की विभिन्न उपलब्धियों, विकास कार्यों एवं फ्लैगशिप योजनाओं पर आधारित लघु फिल्में एवं जनसंदेश भी प्रदर्शित किए गए। ग्रामीणों ने रुचि के साथ इन प्रस्तुतियों को देखा तथा योजनाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। अभियान के तहत विभिन्न विभागों की सूचना सामग्री एवं पंपलेट भी वितरित किए गए।
उद्योग राज्य मंत्री श्री के.के. बिश्नोई ने की जनसुनवाई—ग्राम पंचायत छोटू में आयोजित संध्या चौपाल कार्यक्रम में उद्योग राज्य मंत्री श्री के.के. बिश्नोई ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में 13 विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
श्री विश्नोई ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रखा जाए।
अपने संबोधन में श्री विश्नोई ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास एवं जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी जरूरतमंद सरकारी सहायता से वंचित न रहे।
राज्यमंत्री ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और उनका अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि किसानों, महिलाओं, युवाओं, श्रमिकों एवं पशुपालकों के कल्याण के लिए राज्य सरकार लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। ग्रामीण जागरूक होकर इन योजनाओं से जुड़ेंगे तो गांवों के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव, गरीब और किसान के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
संध्या चौपाल में अधिकारियों की मौजूदगी एवं मौके पर समस्याओं के समाधान से ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।


