छात्रा नेहा का ‘सुपर-100’ में चयन, पटौदी क्षेत्र में खुशी की लहर
नेहा, राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा
नेहा की इस उपलब्धि से सहपाठियों सहित छात्राओं को मिलेगा प्रोत्साहन
परिवार और विद्यालय में नेहा की कामयाबी से खुशी का माहौल
पटौदी/ फतह सिंह उजाला
ग्रामीण अंचल में भी प्रतिभाओं की शिक्षा से लेकर खेल के क्षेत्र में कोई कमी नहीं। इसी कड़ी में पटौदी देहात के सबसे बड़े गांव बोहड़ाकलां ढांणी लाल सिंह की छात्रा नेहा का चयन हरियाणा सुपर 100 में हुआ है । हरियाणा सुपर 100 में सिलेक्ट होने वाली वह पटौदी ब्लॉक की एकमात्र छात्र है।
ग्रामीण अंचल की इस प्रतिभावान छात्रा की कामयाबी से यह साबित होता है प्रतिभाएं आज किसी भी मुकाम को हासिल करने में पीछे नहीं हैं।
पटौदी के राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा नेहा ने हरियाणा सरकार के प्रतिष्ठित ‘सुपर-100’ कार्यक्रम (बैच 2026-28) के लिए चयनित होकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। नेहा की इस उपलब्धि से फर्रुखनगर और पटौदी क्षेत्र के शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है।
नेहा ने निदेशालय विद्यालय शिक्षा, हरियाणा द्वारा आयोजित लेवल-2 की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह सफलता प्राप्त की है। अब नेहा को कुरुक्षेत्र स्थित ‘सुपर-100’ कैंपस में रहने, खाने और पढ़ाई के साथ-साथ अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष कोचिंग सरकार द्वारा निःशुल्क प्रदान की जाएगी।
बताया जा रहा है कि पटौदी ब्लॉक से केवल एक ही सलेक्शन हुआ है। जिसमें नेहा ने सफलता हासिल की है। नेहा की इस शानदार सफलता पर उसके पिता हरपाल सिंह और माता रेखा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नेहा शुरू से ही पढ़ाई में काफी मेहनती रही है।
राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल पटौदी के शिक्षकों ने भी नेहा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों का इस तरह आगे बढ़ना महिला सशक्तिकरण की एक जीती-जागती मिसाल है।
Add A Comment


