कलायत में युवक पर ईंटों से जानलेवा हमला, CCTV में कैद हुई वारदात
कलायत/1 जून /अटल हिन्द/तरसेम सिंह
कलायत क्षेत्र में चार युवकों द्वारा एक युवक पर किए गए जानलेवा हमले का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। वीडियो में आरोपी युवक को रोककर बेरहमी से पीटते और उसके सिर पर ईंटों से हमला करते नजर आ रहे हैं।
रास्ता रोककर की मारपीट
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, आरोपी पहले बाइक सवार युवक का रास्ता रोकते हैं। इसके बाद वे युवक के साथ मारपीट शुरू कर देते हैं। पीड़ित खुद को बचाने की कोशिश करता है, लेकिन आरोपी लगातार उस पर हमला करते रहते हैं। इसी दौरान एक आरोपी उसकी बाइक गिरा देता है और लात-घूंसों से हमला करता है। वहीं, दूसरा आरोपी ईंट उठाकर उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार करता है। बाकी आरोपी भी लात-घूंसों से उसकी पिटाई करते दिखाई देते हैं।
बेहोश होने पर फरार हुए आरोपी
हमले के दौरान आरोपियों ने युवक के ऊपर मोटरसाइकिल भी गिरा दी। गंभीर चोटों के कारण जब युवक बेसुध हो गया, तो सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित के साथ मौजूद उसके साथी को आरोपियों ने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। बाद में साथी ने युवक के ऊपर से बाइक हटाई और उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
पुरानी रंजिश बताई जा रही वजह
कलायत निवासी विनय उर्फ गोलू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एसी सर्विसिंग का काम करता है और पिछले 14-15 वर्षों से अपने मामा राकेश उर्फ राका के पास रह रहा है। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2025 में अनुकूल नामक युवक के साथ हुई एक मारपीट के मामले में उसका नाम सामने आया था। इसी बात को लेकर अनुकूल उससे रंजिश रखने लगा।
विनय ने बताया कि घटना वाली रात वह अपने साथी लक्की उर्फ अतुल के साथ गांव बात्ता से एसी ठीक कर लौट रहा था। रात करीब 12 बजे दोनों संगम ढाबा, कलायत पर चाय पी रहे थे। इसी दौरान अनुकूल अपने साथियों राका, अंकित और सावन के साथ वहां पहुंचा। आरोपियों ने उनका पीछा किया और गोल मार्केट रेलवे रोड पर उन्हें रोक लिया।
जातिसूचक शब्द कहने और हथियार दिखाने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, अनुकूल ने उसका गला पकड़ लिया, जातिसूचक शब्द कहे और साथियों के साथ मिलकर मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उसके सिर पर ईंटों से हमला किया और उसके ऊपर मोटरसाइकिल भी गिरा दी। विनय का आरोप है कि अनुकूल के पास हथियार भी था। गंभीर चोटों के कारण वह बेहोश हो गया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई जारी
कलायत थाना प्रभारी (एसएचओ) सुभाष चंद ने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


