कुरुक्षेत्र के LNJP अस्पताल में नाबालिग से दुष्कर्म का गंभीर मामला, डॉक्टर पर आरोप
कुरुक्षेत्र /31 मई /अटल हिन्द /शशि अरोड़ा
हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) जिला नागरिक अस्पताल में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना में अस्पताल में तैनात एक कंसल्टेंट डॉक्टर पर आरोप लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि पीड़िता के साथ अस्पताल की ओपीडी में ही गलत काम किया गया।
घटना के बाद पीड़िता जब इमरजेंसी वार्ड में पहुंची तो उसकी हालत गंभीर थी और उसे ब्लीडिंग हो रही थी। अस्पताल के डॉक्टरों ने तुरंत उसका प्राथमिक उपचार किया और महिला डॉक्टर को बुलाकर आगे की जांच व इलाज कराया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, जब पीड़िता से बातचीत की गई तो उसने पूरी घटना विस्तार से बताई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वह 29 तारीख को इलाज के लिए ओपीडी में आरोपी डॉक्टर के पास गई थी, जहां जांच कक्ष में उसके साथ गलत व्यवहार किया गया।
LNJP अस्पताल के डॉक्टर उपेंद्र सिंह ने बताया कि जैसे ही मामले की जानकारी मिली, तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। उनके अनुसार, बच्ची को इमरजेंसी में लाया गया था और प्राथमिक उपचार के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को अवगत कराया गया।
उन्होंने बताया कि पीड़िता की स्थिति को देखते हुए महिला डॉक्टर को बुलाकर उपचार कराया गया और मेडिकल प्रक्रिया पूरी की गई।
वहीं दूसरी ओर, इस मामले में पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। मीडिया द्वारा संपर्क करने पर पुलिस ने इस मामले में कैमरे के सामने कोई भी बयान देने से इनकार कर दिया और चुप्पी साधे रखी।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी डॉक्टर पहले प्रिंसिपल मेडिकल ऑफिसर के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं और वर्तमान में अस्पताल में कंसल्टेंट फिजिशियन के रूप में कार्यरत थे। मामले की जांच जारी है और प्रशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया भी चल रही है।


