दलजीत सिंह ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में कार्यरत है। शुक्रवार शाम करीब 8 बजे वह ड्यूटी समाप्त कर मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहा था
कैथल /30 मई/ अटल हिन्द ब्यूरो
जींद रोड पर शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक की एक टांग टूट गई, जबकि उसकी छाती और पसलियों में भी गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने घायल की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव थेह खरक निवासी दलजीत सिंह ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में कार्यरत है। शुक्रवार शाम करीब 8 बजे वह ड्यूटी समाप्त कर मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहा था। जब वह जींद रोड स्थित पुल पर पहुंचा और चढ़ाई पर था, तभी सामने से दो ट्रॉलियां जोड़कर आ रहा एक ट्रैक्टर तेज गति से उसकी ओर आया।
आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
घायल दलजीत सिंह का वर्तमान में एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसने पुलिस से आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शहर थाना के जांच अधिकारी बजिंद्र सिंह ने बताया कि घायल की शिकायत के आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


