आदि पत्रकार देवर्षि नारद जयंती पर किया पत्रकार मिलन समारोह का आयोजन
नरवाना 19 मई (नरेन्द्र जेठी)
स्थानीय के.एम. कॉलेज में ब्रह्मांड के आदि पत्रकार देवर्षि नारद जयंती के अवसर पर पत्रकार मिलन समारोह का आयोजन किया गया जिसके अन्तर्गत कार्यक्रम में पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में पत्रकारिता का बदलता स्वरूप, चुनौतियां और समाधान विषय पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सरदार अमरजीत सिंह मधोक ने की तथा मुख्य वक्ता के तौर पर डॉ. अभिषेक गोयल ने शिरकत की। वहीं विशिष्ट अतिथि के तौर पर भारतीय पैराभारोत्तोलन रणनीति एवं योजना के निदेशक गौरव बेदी मौजूद रहे। डॉ. अभिषेक गोयल ने अपने सम्बोधन में कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के उत्थान, जागृति और जन-कल्याण का एक सशक्त साधन है। देवर्षि नारद को आदि-पत्रकार माना जाता है, जिनका हर संवाद श्लोक कल्याण के लिए समर्पित था।
ऐसे में पत्रकार का धर्म है कि वह बिना किसी दबाव या स्वार्थ के केवल सच को सामने लाए। आज के युग में जब सूचनाओं की बाढ है, नारद मुनि की तरह हम सत्य कहें और धर्म का आचरण करें के सिद्धांत का पालन करना चाहिए। पत्रकारिता का उद्देश्य केवल कमियां उजागर करना नहीं, बल्कि समाधान की ओर समाज का ध्यान आकर्षित करना भी है। आज की भागदौड भरी मीडिया में सनसनीखेज खबरों के बजाय नैतिक और विश्वसनीय पत्रकारिता समय की सबसे बडी मांग है।
अपनी लेखनी और वाणी को समाज की भलाई के लिए समर्पित करें। पत्रकार को हमेशा लोककल्याण और देश समाज के हित में पत्रकारिता करनी चाहिए। उसकी कलम अटकनी, भटकनी, झुकनी और रुकनी नहीं चाहिए। उन्होंने देवर्षि नारद को भारतीय संस्कृति में संवाद और जनजागरण का प्रतीक बताते हुए कहा कि पत्रकारिता का दायित्व समाज में सत्य, सकारात्मकता और जागरूकता का प्रसार करना है। उन्होंने वर्तमान समय में मीडिया की भूमिका पर भी विस्तार से विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि गौरव बेदी ने पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। समारोह के दौरान उपस्थित पत्रकारों का सम्मान किया गया तथा आपसी संवाद के माध्यम से पत्रकारिता से जुडे विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला प्रचार प्रमुख दिनेश, सह जिला प्रचार प्रमुख गौरवदीप, अमरजीत जिला सोशल मीडिया प्रमुख, शिवम सह जिला सोशल मीडिया प्रमुख, निखिल नगर प्रचार प्रमुख, धर्मवीर खंड प्रचार प्रमुख, अजीत, देव दत्त, रोहताश, डॉ. सुरेंद्र मलिक जिला सेवा प्रमुख भी मौजूद रहे।

