उत्तर प्रदेश: रामनवमी पर निजी स्कूल के कार्यक्रम के दौरान हिंदुत्व संगठन का हंगामा
मेरठ/28 मार्च/ अटल हिन्द ब्यूरो
मेरठ के सरधना में एक स्कूल में कथित रूप से एक हिंदुत्व समूह के सदस्यों के उत्पात मचाने की घटना सामने आई है. बताया गया कि हंगामे के बाद लगभग आधा दर्जन छात्राएं बेहोश हो गईं.
हिंदुत्व कार्यकर्ताओं का दावा था कि वहां रामनवमी के दिन ईद मिलन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था.
द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक, सेंट जोसेफ गर्ल्स इंटर कॉलेज के एक स्टाफ सदस्य ने बताया कि छात्राएं वार्षिक उत्सव के लिए एकत्रित हुई थी, जिसे जबरन रोक दिया गया.
स्कूल के एक सूत्र ने पत्रकारों को बताया कि परिसर में घुसने वाले लोगों ने खुद को बजरंग दल से जुड़ा बताया. हम पर रामनवमी के दिन ईद मिलन कार्यक्रम आयोजित करने का आरोप लगाया. छात्राएं वार्षिक समारोह मना रही थीं, जिसकी योजना पहले से बनाई गई थी.
उन्होंने आगे बताया, ‘उन लोगों ने स्कूल के हॉल में तोड़फोड़ की और सजावट को फाड़ दिया. कुछ छात्राएं तो डर के कारण बेहोश हो गईं. पुलिस को बुलाया गया और हम बच्चियों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए.’
स्थानीय ख़बरों के मुताबिक, बताया गया कि कॉलेज में छात्राएं और स्टाफ बड़ी संख्या में मौजूद थे. इसी दौरान बजरंग दल से जुड़े कुछ लोग कॉलेज पहुंचे और रामनवमी के अवसर पर अवकाश होने की बात कहते हुए कार्यक्रम का विरोध करने लगे.
मामला बढ़ गया और हंगामे की स्थिति बन गई, जिसके चलते स्कूल प्रशासन को कार्यक्रम रद्द करना पड़ा.
दैनिक भास्कर के अनुसार, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों के लिए स्पष्ट दिशा निर्देश जारी करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. वहीं, हिंदुत्व संगठन के कार्यकर्ताओं ने थाने में शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है.
अखबार के अनुसार, घटना से संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बजरंग दल के कार्यकर्ता ‘हिंदुस्तान में रहना होगा तो जय श्री राम कहना होगा’ जैसे नारे लगाते दिख रहे हैं.


