विश्व पर्यावरण दिवस पर भाजपा जनकल्याण मंच का बड़ा जनसंदेश
प्रदेश अध्यक्ष अशोक तिलकधारी के आह्वान पर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
प्रकृति की रक्षा ही मानव जीवन की सुरक्षा जन-जन से पौधारोपण, स्वच्छता और जल संरक्षण की अपील
नरवाना/05 जून/ अटल हिन्द /नरेन्द्र जेठी
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भाजपा जनकल्याण मंच ने देशवासियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, हरियाली और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा का महत्वपूर्ण संदेश दिया। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण केवल हमारे जीवन का आधार नहीं है, बल्कि आने वाली पीढियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी और धरोहर है।
आज पूरी दुनिया के सामने पर्यावरण संतुलन बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बन चुका है। बढ़ता प्रदूषण, पेड़ों की कमी, जल संकट, बदलता मौसम और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ता दबाव आने वाले समय के लिए चिंता का विषय है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभाते हुए प्रकृति की रक्षा के लिए आगे आना होगा।
भाजपा जनकल्याण मंच ने कहा कि धरती हमें जीवन देती है। स्वच्छ हवा, शुद्ध जल, हरियाली और प्राकृतिक संसाधन मानव जीवन के लिए अनमोल हैं। यदि हम आज पर्यावरण की रक्षा करेंगे तो आने वाली पीढिय़ों को सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य दे सकेंगे। प्रदेश अध्यक्ष अशोक तिलकधारी ने कहा विश्व पर्यावरण दिवस हमें यह याद दिलाता है कि प्रकृति के प्रति हमारा कर्तव्य केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह हमारे जीवन का स्थायी संकल्प होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विकास जरूरी है, लेकिन विकास के साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। हमें ऐसा समाज बनाना है जहां प्रगति के साथ-साथ पेड़-पौधे, जल और प्राकृतिक संसाधन भी सुरक्षित रहें।
अशोक तिलकधारी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। एक व्यक्ति का छोटा प्रयास भी पूरे समाज में बड़ा बदलाव ला सकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ नागरिक, मजबूत समाज और विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव है।
प्रदेश महामंत्री अशोक मेहरा, भाजपा जनकल्याण मंच ने कहा
पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। जब हर नागरिक प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझेगा, तभी वास्तविक परिवर्तन आएगा। उन्होंने कहा कि हमें जल संरक्षण को अपनी आदत बनाना होगा।
पानी की बर्बादी रोकनी होगी, पेड़ों की रक्षा करनी होगी, स्वच्छता अपनानी होगी और प्रदूषण कम करने के लिए प्रयास करने होंगे। अशोक मेहरा ने कहा कि भाजपा जनकल्याण मंच हमेशा समाज सेवा, जनहित और जनजागरूकता के कार्यों को प्राथमिकता देता रहा है। पर्यावरण संरक्षण अभियान भी समाज और राष्ट्रहित की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा पर्यावरण संरक्षण आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रकृति सुरक्षित रहेगी तो मानव जीवन सुरक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधारोपण करना, स्वच्छता को बढ़ावा देना और प्राकृतिक संसाधनों का सही उपयोग करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि हर परिवार पर्यावरण बचाने की दिशा में अपना योगदान दे। छोटे-छोटे प्रयास मिलकर धरती को फिर से हरा-भरा बना सकते हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा प्रकृति हमारी पहचान है और इसकी रक्षा करना हमारा नैतिक दायित्व है। पर्यावरण को सुरक्षित रखना आने वाली पीढय़िों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।
उन्होंने कहा कि हरियाली बढ़ाने, स्वच्छ वातावरण बनाने और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने के लिए सरकार और समाज को मिलकर काम करना होगा। विश्व पर्यावरण दिवस हमें यह संदेश देता है कि धरती को बचाना केवल वर्तमान की आवश्यकता नहीं, बल्कि भविष्य की सुरक्षा है।
भाजपा जनकल्याण मंच की अपील मंच ने देशवासियों से आह्वान किया कि सभी लोग पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं, जल बचाएं, ऊर्जा की बचत करें, प्लास्टिक का कम उपयोग करें और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का भी आह्वान किया गया।


