सोनीपत जिले में नीट-2026 परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त ने की अधिकारियों के साथ बैठक
21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा की सभी तैयारियां समय पर हो पूरी
सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा को लेकर जारी एसओपी की पालना हो सुनिश्चित
परीक्षा केन्द्र पर पेयजल, छाया, बिजली व अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित अधिकारी करें परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण
सोनीपत। नीट परीक्षा को लेकर अधिकारियों की बैठक लेती उपायुक्त नेहा सिंह।
सोनीपत/03 जून /अटल हिन्द / रणबीर सिंह रोहिल्ला
उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 2026 परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को शांत वातावरण मुहैया करवाने के साथ-साथ सफल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के मद्देनजर प्रत्येक व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखते हुए सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाओं को पूरा करवाएं।
नीट-2026 परीक्षा के आयोजन को लेकर उपायुक्त ने बुधवार को कैंप कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की और उन्हें जरूरी दिशा-निर्देश दिए। परीक्षा दौरान सोनीपत शहर में बनाए गए 08 परीक्षा केन्द्र बनाए गए है, जिन पर 2668 परीक्षार्थी अपनी परीक्षा देंगे।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा के दौरान जारी सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता को बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्र पर लगने वाले सीसीटीवी कैमरों को परीक्षा के दो दिन पहले इंस्टॉल करवाना सुनिश्चित करें।
इसके अलावा उन्होंने परीक्षा के दिन परीक्षार्थियों की होने वाली बायोमैट्रिक व अन्य सभी चीजों के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर फ्लाइंग स्क्वॉड एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए जाएंगे, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा सके और किसी भी प्रकार की अनियमितता को तुरंत रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिन ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए उचित पुलिस फोर्स की ड्यूटी लगाई जाए। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, छाया, बिजली, शौचालय और बैठने की उचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा से पहले सभी केन्द्रों का निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से पेयजल और छायादार स्थानों की व्यवस्था पर जोर दिया गया है। इसके अलावा परीक्षा केन्द्र के नजदीक परीक्षार्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों के लिए भी बैठने की उचित व्यवस्था करवाई जाए। उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा।
प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के नजदीक एम्बुलेंस और चिकित्सा टीम उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए जरनेटर की भी व्यवस्था की जा रही है।
परीक्षार्थी इन बातों का रखें विशेष ध्यान
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा में आने वाले परीक्षार्थी केवल हॉफ बाजू के कपड़े ही पहन के आए। इसके अलावा खुली चप्पलें, सैंडल या कम हील वाले जूते ही पहन के आएं। इसके साथ ही परीक्षा में घडिय़ां, अंगूठियां, कंगन या गहने पहनने की अनुमति नहीं है।
यदि आप धार्मिक, पारंपरिक पोशाक पहन रहे हैं, तो केंद्र पर 2 घंटे पहले पहुंचें। परीक्षा केन्द्र में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ उपकरण, इयरफोन, माइक्रोफोन, हेल्थ बैंड, बटुआ, हैंडबैग, बेल्ट और टोपी ले जाने की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थी परीक्षा का एडमिट कार्ड, वैध पहचान पत्र और एक पारदर्शी पानी की बोतल लेकर जा सकेता है।
उन्होंने परीक्षार्थियों का आह्वान किया कि वे परीक्षा के लिए समय पर परीक्षा केन्द्र पहुंचे, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


