भाखड़ा नहर में नहाते समय जाखल नायक बस्ती निवासी 21 वर्षीय युवक पानी के तेज बहाव में बहा,
8 महीने पहले हुई थी शादी; पत्नी गर्भवती
टोहाना /3 जून /योगेश खनेजा
टोहाना के पास गांव रहनवाली में भाखड़ा नहर में नहाते समय 21 वर्षीय युवक राहुल तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। सूचना मिलने पर सदर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हिसार से एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है,
जिसने नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद एनडीआरएफ टीम और गोताखोरों की सहायता से पानी में बहे युवक के शव को गांव जमालपुर के नजदीक से बाहर निकाल लिया है। पुलिस आगामी कार्यवाही में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, जाखल की नायक बस्ती निवासी राहुल अपने चाचा के लडक़े सुमित और दोस्तों गौरव व प्रिंस के साथ मंगलवार को नहर में नहाने आया था। वे सभी गांव रहनवाली के पास नहर में उतरे।
नहाते समय अचानक पानी का बहाव तेज हो गया, जिससे राहुल बहाव में फंस गया। दोस्तों ने राहुल को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धार के कारण वे खुद भी संभल नहीं पाए और राहुल उनकी आंखों से ओझल हो गया।
इसके बाद उन्होंने परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर आए और उसकी तलाश शुरू की। हालांकि, प्रशासन ने नहरों में नहाने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। इसके बावजूद लोग नहरों में नहाने से बाज नहीं आ रहे हैं। सदर थाना के एडिशनल थाना प्रभारी हरदयाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं।
पुलिस ने आसपास के गांवों में भी सूचना भिजवा दी है ताकि यदि शव तट पर मिले तो तुरंत जानकारी मिल सके। राहुल की मां मंजू व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। राहुल की शादी आठ महीने पहले ही हुई थी।
परिजनों के अनुसार, राहुल जाखल में कपड़े की दुकान पर नौकरी करता था। उसके पिता रामफल मजदूरी करते हैं। रामफल के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटी-दो बेटे हैं। चारों शादीशुदा हैं। राहुल इनमें सबसे छोटा था। राहुल की शादी पंजाब के धुरी में हुई थी। उसकी पत्नी गर्भवती है।
एडिशनल थाना प्रभारी हरदयाल सिंह ने बताया कि भाखड़ा नहर में नहाते समय जाखल निवासी 21 वर्षीय राहुल की मौत हो गई थी जिस की डेडबॉडी को गांव जमालपुर के नजदीक से निकाल कर आगामी कार्यवाही करते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा दिया दिया है।
पुलिस प्रशासन ने मीडिया के माध्यम से लोगों से अपील की है कि मानसून के दौरान नहरों और दरियाओं में नहाने से बचें। उन्होंने बताया कि पानी का बहाव ऊपर से कम दिख सकता है, लेकिन अंदर तेज भंवर होते हैं।
Add A Comment



