अज्ञात चोरों ने भारत कॉटन फैक्टरी को बनाया निशाना
जाखल /21 जून /योगेश खनेजा
बलरां रोड स्थित भारत कोटन फैक्टरी (राईस शैलर) में लगातार दो दिन हुई चोरियों के बाद स्थानीय व्यापारी वर्ग में भारी रोष व्याप्त है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
चोरों के हौसले बुलंद, लगातार दो दिन वारदात
चोरों ने राइस मिल फैक्टरीयों को लगातार दो दिन निशाना बनाया। मुख्य वारदात से ठीक एक दिन पहले चोरों ने सिंगला राइस मिल परिसर में खड़ी ट्रॉली से चावल का थैला उतारा और फरार हो गए। इस वारदात के अगले ही दिन चोरों ने राइस शेलर भारत कोटन फैक्ट्री में बड़ी चोरी को अंजाम दे डाला।
जीरी का छिलका हटाकर दीवार तोड़ी
शनिवार-रविवार की दरमियानी रात चोरों ने बेहद शातिर तरीका अपनाया। भारत कोटन फैक्टरी की दीवार के पास जहां जीरी का छिलका (धान की भूसी) पड़ा हुआ था, चोरों ने पहले उसे हटाया। इसके बाद दीवार से ईंटें उखाड़कर अंदर घुसने का रास्ता बनाया। अंदर घुसकर चोरों ने 65 फुट लंबी (25एमएम) मोटी कॉपर तार और स्टार्टर व उसका पीतल का सामान उखाड़ कर चोरी कर लिया है। मालिक ने बताया कि चोरी गए सामान की कीमत तकरीबन 55 हजार रुपये बताई जा रही है।
व्यापारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
लगातार हुई इन वारदातों से गुस्साए स्थानीय व्यापारियों और शैलर मालिकों ने पुलिस के खिलाफ गहरा रोष प्रकट किया है। व्यापारिक संगठनों का कहना है कि मण्डी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने चोरों को जल्द न पकड़ा, तो वे सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
पुलिस जांच में जुटी
रविवार सुबह घटना का पता चलने पर जाखल थाना पुलिस को अनिल कुमार पुत्र वेद प्रकाश निवासी जाखल मण्डी ने लिखित शिकायत दे दी गई है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी सुरेश कुमार का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और चोरों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Add A Comment


