कलायत क्षेत्र मेंं बृहस्पतिवार सुबह एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई
कलायत/11 जून/ अटल हिन्द/तरसेम सिंह
कलायत क्षेत्र मेंं बृहस्पतिवार सुबह एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। इसमें एक मोटर साइकिल सवार एक व्यक्ति 6 से 7 आयु की दो छोटी बच्चियों को रेलवे स्टेशन छोडऩे के बहाने अपने साथ ले गया।
लेकिन वह उन्हें तय स्थान की बजाय करीब 18 किलोमीटर दूर ले गया। रास्ते में मौका मिलते ही बच्चियों ने शोर मचा दिया। इस पर ग्रामीणों ने संदेह होने पर आरोपी को पकड़ लिया। तुरंत डायल 112 को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार दोनों बच्चियां क्षेत्र के एक गांव में अपनी नानी के घर आई हुई थीं। उनकी मौसी पहले ही रेलवे स्टेशन पहुंच चुकी थी। नानी ने बच्चियों के मामा को उन्हें स्टेशन छोडऩे के लिए फोन किया था। उसके आने में देरी हो रही थी।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे पंजाब नंबर की मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति से नानी ने बच्चियों को रेलवे स्टेशन छोडऩे का आग्रह किया। स्टेशन की दूरी करीब एक से डेढ़ किलोमीटर थी लेकिन आरोपी उन्हें लेकर दूसरी दिशा में निकल गया। बच्चियों ने बताया कि रास्ते में उन्होंने कई बार बाइक रोकने के लिए कहा।
आरोपी ने उन्हें धमकाते हुए चुप रहने को कहा। गांव सिंणद के पास सामने से आ रहे वाहन के कारण जैसे ही बाइक रुकी तो लड़कियों ने शोर मचा दिया। आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाइक सवार को पकडक़र पुलिस व बच्चियों के परिजनों को सूचना दी। ग्रामीणों और बच्चियों के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जांच में लगी पुलिस:
थाना प्रभारी अमन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि बच्चियों को लेकर जाने के पीछे आरोपी की क्या मंशा थी। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Add A Comment


