एमएलए मुकेश शर्मा ने कहा साउथ सिटी-1 में व्यापक नवीनीकरण कार्य पर लगभग 2 करोड़ का खर्च होगा
सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे
स्टॉर्म वाटर ड्रेन कनेक्टिविटी कार्य की 20.93 लाख रुपये की लागत
गुरुग्राम, /17 मई/फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम के वार्ड-24 में साउथ सिटी-1 क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए गुरुग्राम के एमएलए मुकेश शर्मा ने ग्रीन बेल्ट के नवीनीकरण कार्य तथा साउथ सिटी-1 के ए ब्लॉक से विजय विहार स्थित स्टार मॉल तक स्टॉर्म वाटर ड्रेन कनेक्टिविटी कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर भाजपा नेता अनिल यादव, आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। उन्होंने विधायक मुकेश शर्मा का स्वागत करते हुए क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।
नगर निगम गुरुग्राम द्वारा कराए जा रहे इस महत्वपूर्ण स्टॉर्म वाटर ड्रेन कनेक्टिविटी कार्य पर लगभग 20.93 लाख रुपये की लागत आएगी। इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित होगी तथा बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। इसके अतिरिक्त साउथ सिटी-1 के ए एवं बी ब्लॉक में पार्कों और ग्रीन बेल्ट के व्यापक नवीनीकरण कार्य भी लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे हैं। इन कार्यों के पूरा होने के बाद क्षेत्र में हरियाली, सौंदर्य और नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।
वार्ड के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए सिलोखरा गांव की श्मशान भूमि के नवीनीकरण, उसके सामने सीवर लाइन बिछाने तथा सड़क निर्माण कार्य भी लगभग 40 लाख रुपये की लागत से करवाए जा रहे हैं। इससे स्थानीय निवासियों को लंबे समय से चली आ रही मूलभूत समस्याओं से राहत मिलेगी। एमएलए मुकेश शर्मा ने बताया कहा कि “हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में गुरुग्राम के प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उनका उद्देश्य शहर के प्रत्येक क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाना है ताकि नागरिकों को बेहतर जीवन-स्तर उपलब्ध कराया जा सके।”
Add A Comment


