बुलंद हौसलों के साथ भव्या वर्मा ने करनाल में किया टॉप, 500 में से 494 अंक हासिल कर पाया प्रथम स्थान
तरावड़ी, 15 मई (रोहित लामसर)।
मेहनत, लगन और बड़े सपनों का जब संगम होता है, तब सफलता खुद रास्ता बना लेती है। ऐसा ही कर दिखाया है गीता मॉडर्न सीनियर सकैंडरी स्कूल तरावड़ी की होनहार छात्रा भव्या वर्मा ने, जिन्होंने 500 में से 494 अंक प्राप्त कर करनाल जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है।
भव्या वर्मा की इस शानदार उपलब्धि से पूरे विद्यालय में खुशी और गर्व का माहौल है। अपनी सफलता पर भव्या ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि मैं पक्का जज बनकर रहूंगी। उनके बुलंद हौसले और आत्मविश्वास आज अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बन गए हैं। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने भव्या की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता केवल छात्रा की नहीं, बल्कि पूरे स्कूल परिवार के लिए गर्व का क्षण है।
भव्या की इस उपलब्धि पर परिजनों में भी खुशी की लहर है। स्कूल में छात्रा का सम्मान किया गया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। भव्या वर्मा ने साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य बड़ा हो और इरादे मजबूत हों, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। अब उनका सपना जज बनकर समाज में न्याय और ईमानदारी की मिसाल पेश करना है।
स्कूल परिसर में ढोल नगाड़ों ओर फूल-मालाओं से सम्मान :- गीता मॉडर्न सीनियर सैकेंडरी स्कूल तरावड़ी में 10वीं कक्षा का बोर्ड परीक्षा का परिणाम सराहनीय रहा। स्कूल की छात्रा आकांक्षा पुत्री संतोष कुमार तिवारी ने 97 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की। वहीं रीत पुत्री अशोक चावला ने 96 प्रतिशत, स्नेहा पुत्री विनोद कुमार ने 95 प्रतिशत अंक, चंचल पुत्री बलराम ने 94 प्रतिशत तथा कृष पुत्र रिंकू ने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में चार चांद लगा दिए।
इन सभी छात्राओं की सफलता से विद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण बना हुआ है। प्रधानाचार्या रागिनी राय प्रबंधक बालकृष्ण त्रिपाठी ने सभी बच्चों को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। विद्यालय प्रशासन ने जानकारी दी कि इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा तथा अनेक विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भी छात्र-छात्राएं इसी प्रकार सफलता प्राप्त कर विद्यालय एवं जिले का गौरव बढ़ाते रहेंगे।


