करनाल में दिनदहाड़े महिला क्लर्क डिंपल अरोड़ा की गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात
हरियाणा के करनाल जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक महिला क्लर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात शहर के पॉश एरिया सेक्टर-9 में हुई, जहां बिजली निगम में क्लर्क और कर्मचारी यूनियन की प्रधान डिंपल अरोड़ा (40) को उनके घर के बाहर बेहद करीब से गोली मारी गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार डिंपल अरोड़ा शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे लंच ब्रेक के दौरान खाना खाने के लिए अपने घर पहुंची थीं। वह घर के बाहर अपनी स्कूटी खड़ी कर उसे लॉक कर रही थीं। इसी दौरान हेलमेट पहने एक युवक बाइक पर वहां पहुंचा। आरोपी ने हाथ में कपड़े के पीछे पिस्टल छिपा रखी थी। वह सीधे डिंपल के पास पहुंचा और सिर से सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही डिंपल जमीन पर गिर पड़ीं और आरोपी बाइक पर फरार हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। शुरुआत में लोगों को लगा कि महिला को चक्कर आया है, लेकिन जब उनके सिर से खून बहता दिखाई दिया तो तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी काफी देर से इलाके में रेकी कर रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी करीब 12:15 बजे से क्षेत्र में घूम रहा था और डिंपल की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। करीब 55 सेकंड के वीडियो में दिखता है कि दोपहर 1:11 बजे डिंपल स्कूटी से घर पहुंचती हैं। आरोपी कुछ दूरी पर बाइक लेकर खड़ा हो जाता है और जैसे ही वह स्कूटी लॉक करने लगती हैं, पीछे से आकर बेहद करीब से गोली मार देता है।
घटना की सूचना मिलते ही करनाल एसपी नरेंद्र बिजारणिया, पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्च्युरी भेज दिया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है और आरोपी के फरार होने के रास्तों की जांच की जा रही है।
एसपी नरेंद्र बिजारणिया ने बताया कि महिला की मौत सिर में गोली लगने से हुई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में व्यक्तिगत रंजिश, पेशेवर विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान के प्रयास जारी हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


