जिला में एचटेट की परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न
-एचटेट लेवल-2 में 4001 तथा लेवल-1 में 1120 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
-लेवल-2 में 534 और लेवल-1 में 271 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
-डीसी डॉ. विवेक भारती व एसपी निकिता खट्टर ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
फतेहाबाद, 5 जुलाई 2026 / अटल हिन्द ब्यूरो
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 के तहत रविवार को जिला में लेवल-2 एवं लेवल-1 की परीक्षाएं शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकल रहित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक प्रबंध किए गए थे, जिनकी लगातार निगरानी के लिए जिला प्रशासन ने अधिकारियों की ड्यूटी लगाई थी।
डीसी डॉ. विवेक भारती और एसपी निकिता खट्टर ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीसी डॉ. विवेक भारती ने बताया कि जिला में दो दिनों तक तीन शिफ्टों में आयोजित एचटेट परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है।परीक्षा के दौरान प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए थे, जिन्होंने परीक्षा प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था। प्रशासन ने प्रत्येक परीक्षार्थी को सुरक्षित, निष्पक्ष एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाया।
उन्होंने बताया कि रविवार को जिला के 15 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित लेवल-2 परीक्षा में 4535 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 4001 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 534 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार 5 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित लेवल-1 परीक्षा में 1391 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1120 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 271 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
रविवार को डीसी डॉ. विवेक भारती और एसपी निकिता खट्टर ने डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल, चौधरी मनीराम गोदारा राजकीय महिला महाविद्यालय भोडिया खेड़ा, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मनोहर मेमोरियल (एमएम) पीजी कॉलेज, पीएमश्री संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा क्रिसेंट पब्लिक स्कूल सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने परीक्षा केंद्रों पर जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी कैमरों एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके साथ ही बिजली, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की भी जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्बाध रूप से संचालित रहें तथा किसी भी परीक्षार्थी को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
डीसी डा. विवेक भारती ने कहा कि परीक्षा आयोजित कराने में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया गया है।परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलमुक्त बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए, जिसके परिणामस्वरूप जिले में एचटेट-2026 की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
फोटो: फतेहाबाद। विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए डीसी डॉ. विवेक भारती। साथ हैं एसपी निकिता खट्टर।
Add A Comment

