अमनदीप मर्डर कांड: जब मौत हुई तो आनन-फानन में लाया बैग और कपड़ा
चार दिन के रिमांड के बाद आरोपी जेल भेजा, युवती की अंतिम अरदास आज
अम्बाला/17 मई / अटल हिन्द ब्यूरो/पूर्ण सिंह
बराड़ा क्षेत्र के चर्चित अमनदीप कौर मर्डर कांड में पुलिस ने आरोपी संदीप कुमार को चार दिन के रिमांड के बाद रविवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी की कार हिमाचल प्रदेश के पौंटा साहिब से बरामद कर लिया है।
बराड़ा थाना प्रभारी सुरिन्द्र सिंह ने बताया कि संदीप कुमार ने यह पुरानी कार खरीदी थी, जिस डीलर से कार खरीदी गई उससे भी पूछताछ में वैरिफाई किया गया है। इसके अलावा जिस स्थान पर उसने युवती की हत्या की उससे कुछ दूरी से ही उसने बैग खरीदा था। पूछताछ में सामने आया कि जब युवती की जहर के प्रभाव से मौत हुई तो आरोपी के हाथ पैर फूल गए और वह आनन-फानन में लाश को ठिकाने लगाने के लिए एक बड़ा सा बैग और कपड़ा खरीदकर लाया।
उसने अकेले ने लाश पहले कपड़े में लपेटी, इसके बाद उसे बैग में पैक किया। इसके बाद वह रेहड़ी चालक को बुलाकर लाया और रेहड़ी चालक की मदद से ऊपर कमरे से उतारकर बैग को रेहड़ी में लादा। इसके बाद जनकपुरी स्थित विश्वकर्मा मंदिर के पास रेहड़ी से उताकर बैग अपनी कार में रखा। पुलिस के अनुसार रेहड़ी चालक से सख्ती से पूछ ताछ की गई, लेकिन वारदात में उसकी कहीं भी संलिप्तता नहीं पाई गई।
वह नशा करता है औैर जब उसने बैग लदवाया और रेहड़ी से लेकर गया उस समय भी शराब के नशे में था। उसने इस काम की मजदूरी100 रुपए ली, इस बारे में दोनों के ब्यान मेल खाते हैं। वहीं, यदि वह इसके ज्यादा रुपए लेता तो उसकी संलिप्तता पर संदेह होता। पुलिस के अनुसार रेहड़ी चालक के कोर्ट में बयान करवाए गए हैैं। वहीं, आज सोमवार को युवती अमनदीप कौर की अंतिम अरदास के उनके घर बराड़ा गांव में होगी।
लाश जलाने के लिए यमुनानगर से खरीदा पेट्रोल
पुलिस के अनुसार आरोपी बराड़ा से कार लेकर यमुनानगर की तरफ निकला। रास्ते में उसने लाश को जलाने का प्लान बनाया और यमुनानगर के एक पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीदा। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उक्त पेट्रोल पंप पर भी पूछताछ की।
इसके बाद वह लाश को लेकर यमुनानगर जिले के साथ लगते हिमाचल प्रदेश के पौंटा साहिब में पहुंचा। वहां जंगल में उसने लाश पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, लेकिन लाश पूरी तरह नहीं जल पाई।
युवती की लाश के मुंह की तरफ का हिस्सा बन गया और नीचे से भी आधा अधूरा जला शव बचा। हिमाचल प्रदेश के नाहन में शव का पोस्टमार्टम करवा गया है। बिसरा रिपोर्ट के बाद ही अधिक जानकारी मिल पाएगी। वहीं, पुलिस के अनुसार युवती को जो जहर दिया था उसकी जांच फारेंसिक द्वारा की जा रही है।
जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि कौन सा जहर था और युवती को कितनी मात्रा दी गई थी। वहीं, पुलिस जांच में फिलहाल संदीप कुमार के अलावा किसी अन्य की संलिप्तता नहीं पाई गई है।
फोटो अमनदीप कौैर


