नरवाना के पटेल नगर क्षेत्र में खराब सीवरेज व्यवस्था से गंदा पानी गलियों में फैल रहा है।
नरवाना 18 मई (नरेन्द्र जेठी)
पटेल नगर क्षेत्र में लंबे समय से सीवरेज व्यवस्था खराब होने के कारण स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि गली में सीवरेज का गंदा पानी फैल जाता है, जिससे वातावरण दूषित हो रहा है और बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह समस्या एक-दो दिन की नहीं, बल्कि पूरे वर्ष बनी रहती है। कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को अवगत करवाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
गंदे पानी के कारण गलियों में दुर्गंध रहती है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पटेल नगर की सीवरेज व्यवस्था की जल्द जांच करवाई जाए तथा स्थायी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को इस परेशानी से राहत मिल सके और संभावित बीमारियों के खतरे को रोका जा सके।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले समय में यह स्थिति गंभीर स्वास्थ्य संकट का रूप ले सकती है।


