पुण्डरी के गांव करोड़ा में प्लॉट विवाद ने लिया हिंसक रूप, दोनों पक्षों में चले लाठी-डंडे और ईंटें
कैथल 13 मई /अटल हिन्द ब्यूरो
कैथल जिले के पुण्डरी क्षेत्र के गांव करोड़ा में प्लॉट को लेकर चल रहा विवाद उस समय हिंसक झड़प में बदल गया, जब दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे और ईंटें चलने लगीं। मारपीट में कई लोग घायल हो गए,
जिन्हें इलाज के लिए कैथल नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
एक पक्ष की महिला कमलेश ने बताया कि उनके परिवार के सदस्य खेतों से तूड़ी लाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोग वहां पहुंचे और कहासुनी के बाद हमला कर दिया।
उनका आरोप है कि हमलावर लाठी-डंडों से लैस थे और उन्होंने परिवार के लोगों पर हमला बोल दिया। इस झगड़े में उनकी सास और देवरानी घायल हो गईं, जबकि रणधीर को गंभीर चोटें आने पर अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। कमलेश ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की।
वहीं दूसरे पक्ष के राजेश ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि विवादित प्लॉट उनके पूर्वजों की जमीन है और दूसरा पक्ष उस पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा था।
उनका कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो सामने वाले लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और ईंटों से हमला कर दिया। इस झड़प में उनकी पत्नी और बेटे को चोटें आई हैं। राजेश ने दावा किया कि प्लॉट उनके नाम पर है और उन्होंने किसी प्रकार की तोड़फोड़ या हमला नहीं किया।
मामले को लेकर दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दी है। पूंडरी थाना प्रभारी शिवकुमार ने बताया कि पुलिस को दोनों ओर से शिकायतें मिली हैं और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।


