एम एल ए मुकेश शर्मा ने इंच्छापुरी शिव मंदिर में किया जलाभिषेक
सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर
देश एवं प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, और मंगलमय जीवन की कामना
सनातन संस्कृति, आस्था और राष्ट्रीय एकता को और अधिक सुदृढ़ किया
पटौदी /11 मई /फतह सिंह उजाला
सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर पर देशभर में श्रद्धा और गौरव के साथ “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” मनाया गया। इसी अवसर पर गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा ने पटौदी स्थित प्राचीन शिव मंदिर, इंच्छापुरी पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक किया तथा देवाधिदेव महादेव से समस्त देश एवं प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
इस अवसर पर एम एल ए मुकेश शर्मा ने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की सांस्कृतिक चेतना, आध्यात्मिक विरासत और राष्ट्रीय स्वाभिमान का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पूर्ण राष्ट्र ने “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया। प्रधानमंत्री द्वारा सोमनाथ ज्योतिर्लिंग में पूर्ण विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक कर राष्ट्र की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना करना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।
एम एल ए ने बताया कि उन्हें भी इस ऐतिहासिक अवसर के लाइव प्रसारण में सम्मिलित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि इस प्रेरणादायी कार्यक्रम ने देश की सनातन संस्कृति, आस्था और राष्ट्रीय एकता को और अधिक सुदृढ़ किया है। पटौदी के इंच्छापुरी स्थित श्री शिव मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ भाग लिया और भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर परिसर “हर हर महादेव” और “जय सोमनाथ” के जयघोषों से गूंज उठा। इस अवसर पर पटौदी की विधायक श्रीमती बिमला चौधरी, भाजपा गुरुग्राम महानगर के जिलाध्यक्ष श्री अजीत यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Add A Comment


