वेदांता स्कूल के आशु ने कराटे में नेशनल स्कूल गेम्स में किया शानदार प्रदर्शन
वेदांता स्कूल के आशु ने राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में किया हरियाणा का प्रतिनिधित्व
नरवाना, 30 दिसंबर, (नरेन्द्र जेठी)
वेदांता इंटरनेशनल स्कूल, कलौदा खुर्द के लिए यह क्षण अत्यंत गौरव, प्रसन्नता और उत्साह से भरपूर है। विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र आशु ने राष्ट्रीय स्तर की कराटे प्रतियोगिता नेशनल स्कूल गेम्स में भाग लेकर हरियाणा राज्य का प्रतिनिधित्व किया और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय का नाम राष्ट्रीय मंच पर रोशन किया।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता इंदौर में आयोजित की गई, जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों से चयनित श्रेष्ठ खिलाडय़िों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा और उच्च स्तरीय मुकाबलों के बीच आशु ने अपने अद्भुत खेल कौशल, अनुशासन, आत्मविश्वास और समर्पण का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया तथा प्रतियोगिता में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता से लौटने पर आशु का विद्यालय परिसर में उत्साह और गर्व के वातावरण के बीच भव्य स्वागत किया गया। इस उपलब्धि से पूरे विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या वीणा डारा ने आशु को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि आशु की सफलता यह प्रमाणित करती है कि निरंतर अभ्यास, सही मार्गदर्शन और मजबूत इच्छाशक्ति से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। वह हमारे सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यालय के निदेशक इंजीनियर प्रदीप नैन ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि कराटे जैसे खेलों में आज अपार संभावनाएँ हैं। यह खेल न केवल शारीरिक क्षमता को सुदृढ़ करता है, बल्कि आत्मसंयम, अनुशासन और आत्मरक्षा की भावना भी विकसित करता है। वेदांता इंटरनेशनल स्कूल छात्रों को हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा। उल्लेखनीय है कि विद्यालय में पिछले कई वर्षों से कराटे अकादमी सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है, जहाँ कोच कमलजीत सर एवं कोच सुनील सर द्वारा विद्यार्थियों को नियमित, व्यवस्थित और उन्नत प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।
इसी प्रशिक्षण के परिणामस्वरूप छात्र राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्र आशु की इस उपलब्धि के सम्मान में आयोजित विशेष कार्यक्रम में सभी कोचों के साथ डी.पी. मेनका मैम एवं डी.पी. शिव सर भी उपस्थित रहे। सभी गणमान्य व्यक्तियों ने आशु को सम्मानित कर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वेदांता इंटरनेशनल स्कूल का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित न रहकर खेलों एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। छात्र आशु की यह उपलब्धि विद्यालय की इसी दूरदर्शी सोच और सतत प्रयासों का सशक्त प्रमाण है।


