ताबड़तोड़ गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठी धर्मनगरी कुरुक्षेत्र, दो युवक घायल
कुरुक्षेत्र /14 जून 2026 / अटल हिन्द ब्यूरो
हरियाणा की धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार बदमाशों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों ने करीब डेढ़ दर्जन राउंड फायर किए, जिसमें दो युवक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार गांधी नगर निवासी 20 वर्षीय अमन और 20 वर्षीय प्रिंस को गोली लगने से चोटें आईं। दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार होने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों ने उनका पीछा किया। इसी दौरान भागने की कोशिश में आरोपियों की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर एक नाले में जा गिरी। हालांकि आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने नाले में गिरी स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में मामला सट्टे के कारोबार अथवा पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है। हालांकि जांच अधिकारी सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रहे हैं।
फायरिंग की इस घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।


