कलायत में एक पटवारी मिला ड्यूटि से गैर हाजिर कारण बताओ नोटिस जारी
कलायत/09 जून 2026 /तरसेम सिंह
कलायत राजस्व विभाग में कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों- कर्मचारियों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की तैयारी है। विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से तहसीलदार अजय कुमार वर्मा ने स्थानीय पटवारखाना औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व रिकॉर्ड, विभिन्न रजिस्टरों व कार्यालय की व्यवस्थाओं की गहनता से जांच की। तहसीलदार ने कार्यालय में उपस्थित नागरिकों से भी बातचीत कर उन्हें उपलब्ध करवाई जा रही राजस्व सेवाओं के बारे में फीडबैक लिया।
अधिकांश लोगों ने राजस्व विभाग की सेवाओं को लेकर अपना-अपना पक्ष रखा। निरीक्षण के समय कार्यालय मेंं उस समय अफरातफरी मच गई जब राजस्व विभाग हलका बात्ता के पटवारी अशोक कुमार बिना किसी पूर्व अनुमति के अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित मिले।
इस पर तहसीलदार ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। तहसीलदार अजय वर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान राजस्व विभाग बात्ता के हलका पटवारी अशोक कुमार ड्यूटि से गैर हाजिर मिले।
इस संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्राप्त जवाब के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पटवारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे कार्यालय समय के दौरान अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।
आमजन को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध करवाएं। ड्यूटी में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नटवरलाल की कार्यालय में उपस्थिति को लेकर विभिन्न स्तरों पर शिकायतें:
काबिलेगौर है कि कलायत पटवार कार्यालय में एक निजी व्यक्ति की लगातार सक्रियता पिछले काफी समय से चर्चा का विषय बनी हुई है। विभागीय कामकाज मेंं इस प्रकार की दखलदांजी को लेकर पार्षद प्रीत जगदेव व किसानों द्वारा शासन-प्रशासन को शिकायत की गई है।
आरोप है कि स्वयं को नंबरदार बताने वाला एक नटवरलाल सुबह से शाम तक पटवार कार्यालय में मौजूद रहता है। सरकारी रिकॉर्ड व कार्यों में विशेष रुचि दिखाता है। साक्ष्य के तौर पर वीडियो-फोटो उनके पास उपलब्ध हैं।
उक्त व्यक्ति की गतिविधियों को लेकर कई बार आपत्तियां जताई जा चुकी हैं। शिकायकर्ताओं का कहना है कि किसी निजी व्यक्ति का सरकारी कार्यालय में लगातार हस्तक्षेप और मौजूदगी गंभीर जांच का विषय है।


