आने वाली पीढय़िों के लिए प्राकृतिक खेती अपनाएं किसान : सांसद धर्मबीर सिंह
सांसद ने गांव कैरू में आमजन की सुनीं समस्याएं
मूलभूत समस्याओं का त्वरित समाधान करें अधिकारी : सांसद धर्मबीर सिंह
पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में देश तरक्की की राह पर : सांसद
तोशाम/12 जून/विष्णु दत्त शास्त्री
भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 साल देश के आत्मविश्वास की वापसी और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का ऐतिहासिक समय रहा है।
इस दौरान देश ने शासन, दृष्टिकोण, नेतृत्व और राष्ट्रीय संकल्प में एक निर्णायक बदलाव देखा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को राष्ट्र के प्रति समर्पित दूरदर्शी सोच का नेता बताया। सांसद शुक्रवार को गांव कैरू में स्थित सामुदायिक भवन में खंड के सरपंचों और आमजन से रूबरू थे। जन संवाद कार्यक्रम के दौरान सांसद ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
सांसद ने कहा कि जनसहभागिता से ही विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गत 12 वर्षों में पूरी शक्ति के साथ महत्वपूर्ण फैसले लिए गए, जिसके परिणामस्वरूप आज देश व प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अंतरराष्ट्रीय हालातों के मद्देनजर प्रधानमंत्री द्वारा की गई अपील पर गौर करने को कहा।
उन्होंने आमजन से भी आह्वान करते हुए कहा कि बेवजह पेट्रोल-डीजल खर्च न करें और फिजूलखर्ची से बचें। सांसद ने कहा कि आज योजनाबद्ध तरीके से काम हो रहे हैं।
बिजली-पानी, विकास कार्य आदि मूलभूत सुविधाओं हों या रोजगार व तबादले प्रत्येक कार्य के लिए पॉलिसी के तहत काम हो रहे हैं। प्रत्येक कार्य पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है। केंद्र व प्रदेश की योजनाओं का आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 2047 तक देश व प्रदेश विकसित हो इसके लिए जनभागीदारी जरूरी है।
सांसद ने प्राकृतिक खेती अपनाए जाने पर भी जोर दिया। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढय़िों के उज्जवल भविष्य के लिए हम सब को प्राकृतिक खेती अपनानी होगी।
जिस प्रकार से जंगलों में प्रकृति के माध्यम से ही सब पौधे फलते-फूलते हैं, उसी प्रकार हम सब को अपने खेत में भी सभी फसलों को प्राकृतिक रूप से उगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गाय के एक टन गोबर की खाद से लगभग दो किलो नाइट्रोजन बनता है।
इसलिए हमें गाय की खाद को ही खेत में ज्यादा से ज्यादा प्रयोग करना चाहिए। खेत में गाय के गोबर की खाद डालने से लागत में कमी व उत्पादन बढ़ाने में भी हमारे काम आता है।
सांसद ने युवाओं में नशे के बढ़ते प्रभाव पर चिंता प्रकट करते हुए कहा कि समय रहते सतर्क नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियां बर्बाद हो जाएंगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से इसके बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए आगे आने का आह्वान किया और कहा कि अभियान चलाकर काम करें।
सांसद ने समाज में लगातार नैतिक गिरावट पर चिंता प्रकट करते हुए सामाजिक ताने-बाने को बनाए रखने के लिए प्रबुद्धजनों से आगे आने की अपील की।इस दौरान खापड़वास से कृष्ण कुमार व ढाणी मिरान से रमेश ने प्राकृतिक खेती के अनुभवों को साझा किया।
सांसद ने एसडीएम को प्राकृतिक खेती की जागरूकता के लिए ऐसे अनुभवी किसानों के साथ एक कमेटी बनाए जाने के निर्देश दिए। सांसद ने त्रिवेणी लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए मानसून सीजन में ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करें। कार्यक्रम में पहुंचने पर महेंद्र कैरू व अमर सिंह ने पगडी पहनाकर सांसद का सम्मान किया और सरपंच सुंदरपाल और सरपंच प्रतिनिधि सुभाष ने पुष्पगुच्छ देकर सांसद का स्वागत किया।
इस अवसर पर एसडीएम संदीप कुमार, बीडीपीओ अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों के अलावा बाबा दिलसुख गौशाला प्रधान रूपेश, जगदीश, सुनील सुरा, मास्टर अश्वनी महता, जयसिंह कालीरामण, रामफल टाला, रमेश गिल, मुरारीलाल आदि गणमान्य नागरिक, विभिन्न गांवों के सरपंच व अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Add A Comment


