जीवन को सफल बना सकता है भगवान के नाम का स्मरण : आचार्य रविन्द्र कृष्ण
तीसरे दिन सुंदर झांकियों ने मोहा मन, भजनों पर झूमे श्रद्धालु, राधे-राधे, जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा स्थल
तरावड़ी/ 11 जून /रोहित लामसर
ब्रह्मलीन बाबा बंसी वाले जी महाराज की दिव्य प्रेरणा से गर्ग राइस मिल्स एवं गर्ग फाइन फूड्स तरावड़ी द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के तीसरे दिन श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अनुपम संगम देखने को मिला। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और भगवान के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
श्री ब्रज सेवा संस्थान वृंदावन के संस्थापक अध्यक्ष एवं प्रख्यात कथाव्यास आचार्य श्री रविन्द्र कृष्ण जी महाराज ने कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं एवं भक्तों के प्रति उनकी करुणा का वर्णन करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल सुनने का विषय नहीं, बल्कि जीवन में उतारने का संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि कथा मनुष्य के भीतर छिपे अहंकार, क्रोध और लोभ को समाप्त कर उसे भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। आचार्य श्री रविन्द्र कृष्ण जी महाराज ने कहा कि आज के भौतिकवादी युग में मनुष्य सुख-सुविधाओं के बावजूद मानसिक शांति से दूर होता जा रहा है। ऐसे समय में श्रीमद्भागवत कथा जीवन को नई दिशा देने का कार्य करती है।

भगवान के नाम का स्मरण और सत्संग ही मनुष्य के जीवन को सफल बना सकता है। कथा के दौरान प्रस्तुत की गई भगवान श्रीकृष्ण, राधारानी एवं विभिन्न धार्मिक प्रसंगों पर आधारित आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
झांकियों के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दिव्य स्वरूपों के समक्ष नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त किया। भजन संध्या के दौरान कथाव्यास द्वारा गाए गए मधुर भजनों ने पूरे पंडाल को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए और राधे-राधे, ‘जय श्रीकृष्ण तथा बद्री विशाल की जय के उद्घोषों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
गर्ग फाइन फूड्स के सीएमडी रमेश गर्ग, निलेश गर्ग, राहुल गर्ग एवं रजत गर्ग ने कहा कि बद्रीनाथ धाम जैसे पावन तीर्थ में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन उनके लिए परम सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज को धर्म, संस्कृति एवं सनातन मूल्यों से जोड़ना है ताकि नई पीढ़ी अपनी आध्यात्मिक विरासत से परिचित हो सके।
आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। कथा में पहुंचे श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक भव्य एवं दिव्य बना दिया।
इस अवसर पर उद्योगपति रमेश गर्ग, घनश्यामदास गर्ग, निलेश गर्ग, राहुल गर्ग, गौरव गर्ग, रजत गर्ग, बृजभूषण गर्ग, महेश सिंगला, त्रिलोकी नाथ सिंगला, सुभाष सिंगला, सचिन गर्ग, मोनी, राजकुमार, इंद्रसैन, धनराज, सुरेश, आशुतोष, कौशल, हेमंत, रवि, नितेश जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Add A Comment


