तरावड़ी राइस मिल के अकाउंटेंट की झूठी लूट की कहानी का खुलासा, पुलिस जांच में निकली पूरी वारदात फर्जी
1.04 लाख रुपये की कथित लूट का मामला बना खुद की रची साजिश, कर्ज और क्रेडिट कार्ड के दबाव में गढ़ी थी कहानी
तरावड़ी/18 जून/रोहित लामसर
बीते दिनों तरावड़ी में दिनदहाड़े 1.04 लाख रुपये की कथित लूट का मामला पुलिस जांच में पूरी तरह फर्जी निकला। जिस घटना को शुरुआत में बदमाशों द्वारा अंजाम दी गई लूट बताया जा रहा था, उसी मामले में पुलिस की गहन जांच और तकनीकी साक्ष्यों ने सच्चाई सामने ला दी। जांच में खुलासा हुआ कि राइस मिल के अकाउंटेंट ने ही पूरी वारदात की झूठी पटकथा तैयार कर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया था। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता विशाल ने बताया था कि वह राइस मिल से 1 लाख 4 हजार रुपये लेकर नीलोखेड़ी तहसील में जा रहा था। रास्ते में जीटी रोड पर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने उसे रोककर नकदी से भरा बैग लूट लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, शिकायतकर्ता से कई चरणों में पूछताछ की तथा तकनीकी तथ्यों का मिलान किया। जांच आगे बढ़ने पर शिकायतकर्ता के बयानों में लगातार विरोधाभास सामने आने लगे। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने स्वीकार कर लिया कि उसके साथ कोई लूट नहीं हुई थी, बल्कि उसने स्वयं यह झूठी कहानी बनाई थी। पूछताछ में सामने आया कि शिकायतकर्ता पर कर्ज और क्रेडिट कार्ड का बकाया था। आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव से निकलने के लिए उसने राइस मिल की राशि हड़पने की नीयत से झूठी लूट की साजिश रची और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जाएगी और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून को गुमराह करने और झूठी शिकायत देकर पुलिस संसाधनों का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि किसी भी घटना की सही और तथ्यात्मक जानकारी ही पुलिस को दें, ताकि वास्तविक मामलों में समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
Add A Comment


