फिल्मी स्टाइल में चरखी दादरी से चोरी हुई रोडवेज बस 36 घंटे में राजस्थान से बरामद, बर्खास्त DTC ड्राइवर गिरफ्तार
चरखी दादरी /05 जुलाई 2026/अटल हिन्द ब्यूरो
चरखी दादरी बस स्टैंड से हरियाणा रोडवेज की बस चोरी होने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने न केवल सरकारी बस को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से बरामद कर लिया, बल्कि वारदात को अंजाम देने वाले शातिर आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान झज्जर जिले के गांव दुल्हेड़ा निवासी अजय के रूप में हुई है, जो दिल्ली DTC का बर्खास्त चालक है।
सुरक्षा व्यवस्था को दी थी चुनौती
शुक्रवार रात करीब 8:53 बजे चोरों ने बस स्टैंड से भिवानी डिपो के लोहारू सब-डिपो की बस (HR-55 GV-3683) को अपना निशाना बनाया। चालक महेंद्र सिंह अपनी ड्यूटी पूरी कर बस को नाइट स्टे के लिए खड़ा कर आराम करने गए थे। अगली सुबह जब वे वापस लौटे तो बस गायब देख उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही बस स्टैंड और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
‘इनसाइडर’ निकला शातिर चोर
दादरी सिटी थाना प्रभारी चंद्र शेखर के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अजय कोई साधारण चोर नहीं है। वह दिल्ली DTC में ड्राइवर रह चुका है और संदिग्ध गतिविधियों के चलते उसे विभाग से बर्खास्त किया जा चुका था। उस पर पहले से ही चोरी के 4-5 मामले दर्ज हैं। आरोपी ने बस स्टैंड की सुरक्षा व्यवस्था और टाइमिंग की रेकी की थी। वह बस को राजस्थान ले जाकर कबाड़ में कटवाने की फिराक में था।
सीसीटीवी और तकनीक से मिली कामयाबी
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और आधुनिक सर्विलांस का सहारा लिया। तकनीकी इनपुट और सीसीटीवी मैपिंग के जरिए पुलिस ने बस के रूट को ट्रैक किया। पुलिस को सुराग मिला कि बस राजस्थान बॉर्डर की ओर गई है। दादरी पुलिस की विशेष टीम ने अंतरराज्यीय समन्वय स्थापित करते हुए राजस्थान पुलिस को अलर्ट किया। कड़ी मशक्कत के बाद चित्तौड़गढ़ जिले के चिंदोरिया थाना क्षेत्र से बस को बरामद कर आरोपी को धर दबोचा गया।
इस घटना ने बस अड्डों की नाइट सिक्योरिटी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सरकारी संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया गया है।

