जाखल जंक्शन पहुंचे दिल्ली मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेंद्र त्रिपाठी, बोले– भ्रष्टाचार पर होगी सख्त कार्रवाई; यात्री सुविधाएं बेहतर करने के दिए निर्देश
जाखल/11 जुलाई 2026/योगेश खनेजा
दिल्ली रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) पुष्पेंद्र त्रिपाठी ने शनिवार को जाखल जंक्शन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, रेलवे कॉलोनी तथा विभिन्न निर्माण कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीआरएम ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि रेलवे में भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्टाचार की शिकायत मिलती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों द्वारा उठाई गई मांगों पर भी उन्होंने गंभीरता दिखाई। उन्होंने टिकट आरक्षण खिड़की की व्यवस्था, स्टेशन पर कोच डिस्प्ले सिस्टम, रेलवे कॉलोनी में साफ-सफाई, तथा अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
डीआरएम ने स्टेशन परिसर स्थित फर्स्ट क्लास एसी हॉल के बेहतर उपयोग का सुझाव देते हुए कहा कि इसे निर्धारित नियमों के तहत कॉन्ट्रैक्ट पर देकर सामाजिक एवं व्यावसायिक कार्यक्रमों के लिए उपयोग में लाया जा सकता है।
इससे लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और रेलवे की आय में भी वृद्धि होगी। उन्होंने प्लेटफॉर्म नंबर-1 और 2 का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था तथा चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का भी जायजा लिया।
इसके बाद रेलवे कॉलोनी पहुंचकर सफाई व्यवस्था और अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर रेलवे के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियरिंग, वाणिज्य, परिचालन, विद्युत तथा अन्य शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। डीआरएम के निरीक्षण से जाखल जंक्शन पर लंबित कार्यों में तेजी आने और यात्री सुविधाओं में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
भाजपा नेताओं व समाजसेवियों ने रखीं प्रमुख मांगें
निरीक्षण के दौरान शहर के भाजपा नेताओं एवं समाजसेवियों ने मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेंद्र त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपकर जाखल की लंबे समय से लंबित रेल परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज को ऊंचा उठाने का कार्य जल्द शुरू कराया जाए, ताकि भविष्य में यातायात संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।
साथ ही तलवाड़ा रेलवे फाटक पर निर्माणाधीन अंडरपास को जल्द से जल्द चालू कराने की मांग भी रखी गई, जिससे विशेषकर सीजन के दौरान लोगों को आवागमन में राहत मिल सके। मंडल रेल प्रबंधक ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और भरोसा दिलाया कि सभी मांगों पर नियमानुसार विचार कर जल्द समाधान की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
Add A Comment

