जाखल क्षेत्र में कई स्थानों पर आगजनी, दमकल विभाग ने समय रहते पाया काबू
जाखल /3 मई /योगेश खनेजा
जाखल शहर सहित आसपास के गांवों में रविवार को आगजनी की कई घटनाएं सामने आईं। जाखल गौशाला के अलावा तलवाड़ा, तलवाड़ी, साधनवास, कूदनी और जंगलात क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर आग लगी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए सभी जगह आग पर काबू पा लिया।
तलवाड़ा गांव में पेट्रोल पंप के पास लगी आग ने पास में पड़ी पराली की गांठों को अपनी चपेट में ले लिया था। वहीं करीब 9 ट्रालियां भी खड़ी थीं, जो पराली ढोने के काम में आती हैं। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मौके पर मौजूद किसानों ने भी आग बुझाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली और पानी की टंकियों के माध्यम से आग पर काबू पाने में दमकल विभाग का सहयोग किया। किसानों का कहना था कि यदि समय रहते आग नहीं बुझती तो उनकी ट्रालियों के साथ-साथ पास स्थित पेट्रोल पंप भी चपेट में आ सकता था, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था।
जानकारी के अनुसार, दमकल विभाग के पास दो गाड़ियां हैं, लेकिन एक गाड़ी 6-7 दिन पहले खराब हो गई थी। कर्मचारियों की हड़ताल के चलते उसे अभी तक ठीक नहीं कराया जा सका है। इसके बावजूद विभाग एक ही गाड़ी के सहारे पूरे क्षेत्र में आगजनी की घटनाओं पर लगातार काबू पाने में जुटा हुआ है।
फायर स्टेशन इंचार्ज बलबीर सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर तक पांच स्थानों पर आग लगने की सूचना मिली थी, जिन पर तुरंत कार्रवाई करते हुए काबू पाया गया। कई सूचनाएं 112 के माध्यम से मिलीं, जबकि कुछ जगहों पर ग्रामीणों ने सीधे जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि दमकल टीम ने किसी भी कॉल को नजरअंदाज नहीं किया और हर सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। राहत की बात यह रही कि इन घटनाओं में किसी भी व्यक्ति या पशु की जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की तत्परता की सराहना करते हुए टीम का आभार जताया।
दमकल विभाग ने लोगों से अपील की है कि खेतों में पराली या कूड़ा न जलाएं, क्योंकि इससे पर्यावरण को नुकसान होता है और सड़क किनारे आग लगने से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
Add A Comment


