हरियाणा की 5 लाख से ज्यादा महिलाओं से हर महीने मांगा जा रहा जिंदा होन का प्रमाण, अग्रवाल समाज के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार गोयल ने इस व्यवस्था पर जताया कड़ा एतराज, गोयल ने मुख्यमंत्री से इस प्रक्रिया को तुरंत प्रभाव से बंद करने की कि मांग,
जींद /26 मई /अटल हिन्द ब्यूरो /राजकुमार गोयल
हरियाणा सरकार की दीन दयालु लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये का लाभ लेने वाली प्रदेश की 5 लाख से ज्यादा महिलाओं के मोबाइल पर हर महीने ऐसे संदेश भेजे जा रहे हैं जिनमें उनसे जीवंत होने का प्रमाण देने के लिए अपनी फोटो अपलोड करने के लिए कहा जाता है।
इस मुद्दे को लेकर अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी राजकुमार गोयल ने कड़ी आपत्ति जताई है।
राजकुमार गोयल ने कहा कि सरकार एक ओर महिलाओं के सम्मान सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की बात करती है लेकिन दूसरी ओर उन्हीं महिलाओं से हर महीने जिंदा होने का सबूत मांगना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अपमानजनक है।

उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया लाखों गरीब, ग्रामीण और जरूरतमंद महिलाओं के लिए मानसिक परेशानी का कारण बन रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हजारों महिलाएं ऐसी हैं
जिनके पास न स्मार्टफोन है और न ही तकनीकी जानकारी। हर महीने फोटो अपलोड करवाने के लिए उन्हें साइबर कैफे, दुकानों और दूसरों के मोबाइल पर निर्भर रहना पड़ रहा है। कई महिलाएं केवल तकनीकी दिक्कतों के कारण योजना का लाभ लेने से भी वंचित हो सकती हैं।
गोयल ने सवाल उठाया कि जब बुढ़ापा पेंशन, विधवा पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में हर महीने जीवित होने का प्रमाण नहीं मांगा जाता तो केवल महिलाओं के लिए ही ऐसी शर्त क्यों लागू की गई है।
उन्होंने कहा कि 2100 रुपये की आर्थिक सहायता निश्चित रूप से सराहनीय कदम है लेकिन सहायता के नाम पर महिलाओं के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाना किसी भी हालत में उचित नहीं कहा जा सकता। सरकार को ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए जिसमें महिलाओं को सम्मान और सुविधा दोनों मिलें।
राजकुमार गोयल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मांग की कि इस प्रक्रिया को तुरंत प्रभाव से बंद कर योजना को सरल, सम्मानजनक और महिला हितैषी बनाया जाए ताकि जरूरतमंद महिलाओं को बिना किसी परेशानी के योजना का लाभ मिल सके।
यह भेजा जाता है मैसेज
सेवा विभाग हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश की महिलाओं को हर महीने दीन दयालु लाडो लक्ष्मी योजना के तहत लाडो लक्ष्मी ऐप पर जीवंत प्रमाण पत्र जमा करवाने के लिए मैसेज भेजे जा रहे हैं। मैसेज में महिलाओं से फोटो अपलोड कर जीवित होने का प्रमाण देने को कहा जाता है। यह लाईन मैसेज में साफ लिखी है कि आप इस योजना का लाभ बिना रुकावट पाने हेतु अपना मासिक जीवंत प्रमाण पत्र शीघ्र जमा करें। समाजसेवी राजकुमार गोयल ने इसे महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताया है।
Add A Comment


