विदेश में बैठे गैंगस्टर के इशारे पर शूटरों ने व्यापारी को बनाया निशाना
फिरौती-हत्या की साजिश नाकाम, पुलिस मुठभेड़ में 04 शूटर ढेर तथा 01 घायल
पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ में 03 पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल
विदेश में बैठे गैंगस्टर आका के इशारे पर शूटरों द्वारा वारदात की रिकॉर्डिंग
गुरुग्राम पुलिस के द्वारा संभावित हत्याकांड को समय रहते रोक लिया गया
वारदात में प्रयोग 05 आधुनिक पिस्टल, 50 खाली खोल, जिंदा कारतूस, 01 स्कोर्पियो बरामद
गुरुग्राम /10 जुलाई 2026 /अटल हिन्द /फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम पुलिस ने अपराध एवं संगठित गैंगों के विरुद्ध अपनी “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत एक अत्यंत साहसिक एवं कार्यवाही करते हुए अपराधियों की एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया। पुलिस की सतर्कता, त्वरित कार्यवाही एवं रणनीतिक घेराबंदी के चलते फिरौती के लिए संभावित हत्याकांड को समय रहते रोक लिया गया। पुलिस एवं बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 04 बदमाश मारे गए, जबकि 01 गंभीर रूप से घायल बदमाश को गिरफ्तार करके उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुठभेड़ के दौरान 03 पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए, जिनको उपचार के लिए हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है।
एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया पिछले कुछ दिनों से प्राप्त हो रही इंटेलिजेंट इनपुट तथा कुछ पीड़ित परिवारों को प्राप्त धमकियों को मध्य नजर रखते हुए सभी संभावित घटना स्थल पर अलग अलग क्राइम टीम द्वारा निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान एक प्राप्त सूचना पर क्राइम टीम सेक्टर 40, 39, 17 द्वारा उपरोक्त घटना स्थल की घेर बंदी की गई हालांकि घेराबंदी से तुरंत पहले विदेश मे बैठे एक गैंगस्टर के 5 शूटर द्वारा संबंधित एक व्यवसायी के घर पर फायरिंग की जा रही थी। दौराने घेराबंदी व मौका की सूझ बुझ से सीआईए इंचार्ज ने अपनी टीम सहित नियमनुसार कार्यवाही की और दौराने कार्यवाही सभी संबंधित नियमानुसार कदम उठाए गए। जो मौका पर अचानक हुई इस मुठभेड़ मे पांचों शूटरों को गोली लागि जिनमे से 4 को डाक्टरों द्वारा मृत घोषित किया गया व एक गंभीर रूप ए घायल होने पर उपचारधीन है। आरोपियों द्वारा चलाई गई गोलियों से 3 पुलिसकर्मी घायल हुए जो की उपचारधींन है।
शूटर काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर पहुंचे
09 जुलाई रात करीब 9:50 बजे एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी, जिसकी नंबर प्लेटों को काली टेप से ढका गया था, घटनास्थल पर पहुंची। वाहन में सवार पांच हथियारबंद बदमाशों में से तीन नीचे उतरे और व्यवसायी विशाल बेरी के मकान तथा आसपास के मकानों पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। घटना के दौरान एक आरोपी विदेश में बैठे नामी मुख्य अपराधी के निर्देश पर मोबाइल फोन से पूरी वारदात की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कर रहा था।
पुलिस ने बदमाशों को आत्मसमर्पण का मौका दिया
बदमाशों ने पुलिस पर बरसाई गोलियां: घटनास्थल पर पहले से तैनात पुलिस टीमों ने चारों ओर से घेराबंदी करके आरोपियों को आत्मसमर्पण करने की स्पष्ट चेतावनी दी। किन्तु बदमाशों ने पुलिस की चेतावनी को अनदेखा करते हुए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें निम्नलिखित पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गए, एएसआई सुनील कमार, सिपाही मंजीत सिंह और और शमशेर सिंह का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
पुलिस की जवाबी कार्यवाही 04 बदमाश ढेर व 01 घायल

लगातार हो रही जानलेवा फायरिंग के बीच पुलिस अधिकारियों ने पहले हवाई फायर करके आरोपियों को पुनः चेतावनी दी। जब आरोपी लगातार पुलिस पर गोलियां चलाते रहे, तब पुलिस ने कानून के दायरे में रहते हुए आत्मरक्षा, आमजन की सुरक्षा एवं आरोपियों को काबू करने के उद्देश्य से नियंत्रित जवाबी कार्यवाही की, जिसमें सभी पांचों आरोपी गोलियां लगने से घायल हो गए। सभी को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराते हुए अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से 04 आरोपियों की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि एक आरोपी गंभीर रूप से घायल अवस्था में उपचाराधीन है। मृत आरोपियों की पहचान दीपा उर्फ संदीप निवासी जिला फतेहाबाद, आर्यन निवासी जिला रोहतक, नितिन निवासी जिला रोहतक, अंकित निवासी जिला रोहतक और घायल आरोपी बदमाश शिवम निवासी जिला मेवात के रूप में की गई।
बदमाशों पर एक दर्जन से भी अधिक मामले दर्ज
उपरोक्त आरोपियों के प्रारम्भिक अपराधिक रिकार्ड के अवलोकल से ज्ञात हुआ कि उक्त आरोपी नितिन के खिलाफ हत्या करने का प्रयास व अवैध हथियार रखने के सम्बन्ध में 02 अभियोग जिला रोहतक में तथा आरोपी दीपा उर्फ सन्दीप के खिलाफ आर्मज एक्त, एनडीपीएस एक्त तथा विभिन्न प्रकार से संगीन अपराधों से सम्बन्धित 14 अभियोग अंकित है। पुलिस टीम द्वारा अन्य आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड को गहनता से खंगाला जा रहा है। घटना के तुरंत बाद पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। घटनास्थल पर सीन-ऑफ-क्राइम टीम, एफएसएल, बैलिस्टिक विशेषज्ञ सर्च टीम को मौका पर बुला कर कार्यपालक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति मे वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए गए। घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण करके सभी आवश्यक कानूनी कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।
अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं निर्णायक कार्रवाई
आरोपियों द्वारा वारदात में प्रयोग किए गए 05 आधुनिक पिस्टल, 50 से ज्यादा खाली खोल, काफी मात्र मे जिंदा कारतूस तथा 01 स्कोर्पियो गाड़ी घटनास्थल से की बरामद की गई है। बदमाशों के विरुद्ध पुलिस थाना डीएलएफ, गुरुग्राम में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(ए), भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 111(3), 111(4), 121(1), 132, 221, 262, 3(5) के तहत अभियोग अंकित किया गया। गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध, गैंगवार, रंगदारी, अवैध हथियारों एवं कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं निर्णायक कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी। किसी भी अपराधी को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा तथा आमजन की सुरक्षा प्राथमिकता है।
Add A Comment

